कागज़ की मैं छोटी कश्ती

० सुषमा भंडारी ० 
दोहा
जाँ हैं हिंदुस्तान की
विविध विविध हैं रंग।
गंगा-सी ये पावनी,
बहे प्यार के संग।।

विविध कलाओं से भरी,
दिल्ली की सब रीत।
मौसम भी त्यौहार भी,
संग प्रीत-संगीत।।
शिक्षा स्रोतों से भरी,
अनगिन हैं व्यवसाय।
दिल्ली है दिल से भरी,
खुशियों का पर्याय।।

बाजारों में धूम है
भीड़ है बेशुमार।
सब चीजें उपलब्ध हैं
प्यार भरा व्यवहार।।

मैट्रो से रौनक बढी,
हुई चौगुनी शान।
सीमायें मिलने लगी,
फैल गई मुस्कान।।

दिल्ली के विस्तार ने,
कीये कई कमाल।
जन- जन मालामाल है,
चहुँदिश है खुशहाल।।

पाँडव, पृथ्वीराज ने
किया यहाँ पर राज।
विकसित विस्तृत की धरा
मंदिर - मस्जिद - ताज़।।

लालकिला अद्भुत बना
किया ख़ूब निर्माण|
दिल्ली की शोभा यहाँ
कदम- कदम प्रमाण||

दिल्ली भारत देश में
करती आई राज।
लोकतंत्र के मंत्र की
गूँजे है आवाज़ ।।

भारत की सरकार में
दिल्ली है सिरमौर।
जन- जन में दिल्ली बसे
सबको देती ठोर।।

भगवां मेरे देश का
है इतिहासिक रंग।
चहुँदिश लहराते दिखे
मुझको तीनों रंग।।
=================
जीवन एक कहानी है
दासी कोई रानी है
दुनिया सच्ची झूठी है
मेरी सपट बयानी है

सही राह जब दिखलाई
किसकी किसने मानी है
करे दिखावा जो ज्यादा
वो ही सच्चा दानी है

कौन यहाँ पर है सुखिया
सब को ही परेशानी है
==================
इसको उसको सबको चाह
मिल जाये जीवन की राह
जब थोड़ा -सा बोझ बढ़े
मन का क्यूं रूठे उत्साह

सपनों में जीना आसाँ
आइना पीछे से स्याह
सडकों पर बिखरा जीवन
मुंह से बस निकले है आह
ठौर-ठिकाना सब छूटा

करे कौन उनकी परवाह
भूख गरीबी और ठोकर
फेरे जब - जब वो निगाह
===================
कागज की कश्ती
कागज़ की मैं छोटी कश्ती
सागर बहुत ही गहरा
क्यूंकर जाउँ पार सखी री
मेरा ख्वाब सुनहरा

प्यार का चप्पू लिए हाथ में
नैया पार करूंगी
हरी - हरी सौंधी धरती पर
अपने पाँव धरूँगी

हवा बसंती मारे लहरा
मेरा ख्वाब सुनहरा
पत्तों की रूनझुन सुनकर मैं
गीतों में बह जाउँ

पिघले जैसे ओस की बूंदे
बूंद- बूंद ढह जाउँ
सदा प्यार पे लगता पहरा
मेरा ख्वाब सुनहरा

सूरज की किरणों से मेरा
तन हो जाये सुनहरी
इन्द्रधनुष के रंग में डूबे
मेरी शाम रुपहरी

वक्त सदा चलता ही रह्ता
वक्त कभी न ठहरा
मेरा ख्वाब सुनहरा

कागज की मैं छोटी कश्ती
सागर बहुत ही गहरा

टिप्पणियाँ

हार्दिक आभार कुतुब मेल

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रभात पोस्ट के 12वें वार्षिक समारोह में इंडियन ऑइकानिक अवार्ड प्रदान

शेपिंग फ्यूचर : विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की एक पहल

राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में उभरते कलाकारों की पेंटिंग्स प्रदर्शनी

उत्तराखण्ड समाज साध नगर देवभूमि की संस्कृति,संघर्ष,सम्मान और एकता को समर्पित आयोजन

बूंदी में 43वाँ इज्तेमाई शादी सम्मेलन आयोजित,सादगी और सामाजिक एकता पर जोर

कल्याण मोटर्स ने जयपुर में अपने तीसरे महिंद्रा ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर का शुभारंभ किया

IIHMR विश्वविद्यालय,जयपुर में ‘पुलिसिंग में सकारात्मक व्यवहार’ पर प्रशिक्षण कार्यक्रम