बाज़ारी चकाचौंध में सिकुड़ता त्यौहारों का संदेश : दीवाली में गैस चैंबर में तब्दील राजधानी

० बृजलाला रोहन 'अन्वेषी' ० 
दुनिया के हर पर्व-त्योहार की अपनी अनोखी विशेषता होती है। इनमें प्रकृति, स्थानीय समुदाय विशेष से लेकर संपूर्ण मानवता के लिए सकारात्मक संदेश होते हैं। इनमें असत्य पर सत्य की जीत, बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा होती है। साथ ही, पारस्परिक रूप से करुणा, प्रेम एवं बंधुता से युक्त सरलता, सादगी एवं संयमपूर्वक जीवन जीने की सीख भी शामिल होती है।

 लेकिन आज के समय में जिस प्रकार हम विभिन्न त्योहारों को बाजारवाद की चकाचौंध में अपनी विलासितापूर्ण दिखावे, मिथ्या दंभ के प्रदर्शन और बेवजह के अपव्यय के साथ-साथ लापरवाही भरी गतिविधियों के द्वारा उन मूल्यों को तोड़ते जा रहे हैं, जिन आधारों पर हमारे त्योहारों की शुचिता, पवित्रता एवं विशिष्टता निहित है।
पौराणिक मान्यताओं से परे भी 'दीपावली' एक ऐसा त्यौहार जो की साफ-सफाई एवं स्वच्छता, वातावरण में शांति का संदेश देती है। जिसमें वर्ष भर भी साफ ना किए स्थान की साफ-सफाई की जाती है घरों की रंगाई पुताई एवं सजावट की जाती है। घर गृहस्थी को चलाने हेतु नए उपकरण खरीदने की परंपरा रही है। लेकिन अब इसमें भी दिखावा, प्रदर्शन एवं हैसियत से बाहर जाकर कर्ज या लोन , ईएमआई आदि आदि लेकर सामान खरीदने और प्रदर्शन की बाजारवादी संस्कृति हावी है।

देश की राजधानी दिल्ली में दीपावली के अवसर पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों की धज्जियाँ उड़ाते हुए जिस तरीके से रात के तड़के दो-तीन बजे तक पटाखे जलाए गए, उससे राजधानी जहरीली गैस, धुएँ और धूलकणों के चैंबर के रूप में तब्दील हो गई है, जिसमें देखना तो छोड़िए, साँस लेना भी दूभर हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने दीपावली 2026 पर दिल्ली-NCR में केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दो दिनों के लिए दी थी।

 यह अनुमति 7 नवंबर को सुबह 6:00 बजे से 7:00 बजे तक और 8 नवंबर को शाम 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक थी। यानी रात 10 बजे के बाद पटाखे जलाने की अनुमति नहीं थी। इसके अतिरिक्त, अस्पतालों, नर्सिंग होम, वृद्धाश्रम, शैक्षणिक संस्थानों और अधिसूचित साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे प्रतिबंधित थे। केवल CSIR-NEERI से प्रमाणित ग्रीन पटाखों की अनुमति थी। एयर क्वालिटी इंडेक्स का स्तर 1700 से 2000 के बीच पहुँच चुका था।

और 9 नवंबर की सुबह 6 बजकर 51 मिनट 2 सेकंड पर दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 955 बता रहा है। प्रत्येक वर्ष भारत का सर्वोच्च न्यायालय सर्दियाँ शुरू होते ही और दिवाली आने से पहले राजधानी में प्रदूषण के लिए एहतियाती कदम उठाने हेतु सरकारों को दिशा-निर्देश जारी करता है और सरकार भी इसे कागजों पर अमल करने के लिए तत्पर रहती है। GRAP सिस्टम लागू किया जाता है, गाड़ियों की आवाजाही पर पाबंदियाँ लगाई जाती हैं। नेताओं के गैर-जरूरी बयान आते हैं,

 अधिकारियों के टालमटोल भरे बहाने आते हैं और न्यायालय की फटकार महज फटकार बनकर प्रत्येक साल सरकती जाती है। जमीनी नतीजा ढाक के तीन पात नजर आता है। इस पर भी देश के सर्वोच्च न्यायालय ने अपनी नाराजगी और निराशा व्यक्त की है। लेकिन विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की महान जनता किसी भी सुझाव को एक कान से सुनकर दूसरे से निकाल देती है, ताकि सुझावों का कान की श्रव्यता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

दिल्ली जैसे शहर में, जिसमें वरिष्ठ नेता, बुद्धिजीवी, प्रशासक, उद्योगपति, बड़े-बड़े संस्थानों के मठाधीश, अकादमिक जगत के लोग, विद्यार्थी, साहित्य, कला, विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी एवं तकनीक जगत के एंटरप्रेन्योर इत्यादि रहते हैं, किंचित अपवादों को छोड़ दें तो उनकी गतिविधियों से जाहिर नहीं होता कि वे पर्यावरण एवं प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग जैसे संवेदनशील विषयों को परीक्षा के पर्चे, सेमिनार एवं हल्के-फुल्के अंदाज में ड्राइंग रूम में चर्चा करने के अलावा कभी गंभीरता से भी लेते हैं।

देश का वातावरण इस प्रकार से विषाक्त एवं जहरीला हो चुका है कि आजकल जो भी संवेदनशील एवं जागरूक नागरिक पर्यावरण, पारिस्थितिकी एवं प्रदूषण जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाता है, वीडियो एवं संदेश जारी करता है, तब उसे किस प्रकार से राज्य द्वारा एवं समाज के लोगों द्वारा सांप्रदायिक रूप दे दिया जाता है, इसका उदाहरण भी हमारे सामने मौजूद है।

 मुंबई नगरपालिका द्वारा दिया मिर्जा के दीपावली के अवसर पर प्रदूषण-मुक्त दीपावली मनाने हेतु वीडियो संदेश को सोशल मीडिया से हटाया जाना एवं बाद में मुंबई हाई कोर्ट के निर्देश पर उसे पुनः बहाल किया जाना और सरकार को फटकार लगना कुछ हद तक पुनः विश्वास बहाली को स्थापित करता है।

लेकिन हमें पुनः सोचना होगा, चिंतन करना होगा कि वह त्योहार, जो हमें सत्यता, अच्छाई, अज्ञान रूपी अंधकार से ज्ञान रूपी प्रकाश की ओर आगे बढ़ने एवं प्रकृति से जुड़ने का अवसर देता है, उसे हम जहरीले, कर्णफोड़ू पटाखों से न सिर्फ नष्ट कर रहे हैं, बल्कि संपूर्ण पृथ्वी एवं मानवता के साथ अपराध कर रहे हैं। आने वाली पीढ़ियाँ जरूर हमसे हमारा हिसाब माँगेंगी और तब हम इतिहास के किसी टीले पर सिमटे किसी पन्ने में कटघरे में खड़े पाए जाएँगे और निरुत्तर हो जाएँगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रभात पोस्ट के 12वें वार्षिक समारोह में इंडियन ऑइकानिक अवार्ड प्रदान

शेपिंग फ्यूचर : विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की एक पहल

राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में उभरते कलाकारों की पेंटिंग्स प्रदर्शनी

उत्तराखण्ड समाज साध नगर देवभूमि की संस्कृति,संघर्ष,सम्मान और एकता को समर्पित आयोजन

बूंदी में 43वाँ इज्तेमाई शादी सम्मेलन आयोजित,सादगी और सामाजिक एकता पर जोर

कल्याण मोटर्स ने जयपुर में अपने तीसरे महिंद्रा ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर का शुभारंभ किया

IIHMR विश्वविद्यालय,जयपुर में ‘पुलिसिंग में सकारात्मक व्यवहार’ पर प्रशिक्षण कार्यक्रम