जब सचाई बोलने हम लग गए शर्म से गड़ने लगीं कुछ हस्तियाँ

० 
सुषमा भंडारी ० 
गर्म हैं अख़बार की सब सुर्खियाँ
घूमने लायक कहाँ हैं वादियाँ
दीप के मानिंद ना बुझ पाएंगे
आएं बेशक रोज़ ही ये आँधियाँ

आज इंटरनेट हैं और सेल हैं
कौन लिखता है यहां अब चिट्ठियाँ
जब सचाई बोलने हम लग गए
शर्म से गड़ने लगीं कुछ हस्तियाँ
जो भँवर से लड़ सकें हर दौर में
ढूंढ ' सुषमा ' आज ऐसी कश्तियाँ
=======================
मुस्काई , शरमाई सी
याद तेरी अमराई सी
हाथ में हाथ नहीं उनका
मन में इक तन्हाई सी

वो पल कैसे भूलूं मैं
प्रेम में थी बौराई सी
दीवानों की होती है
जग में रोज़ हँसाई सी

सोच के पानी में ' सुषमा '
छाई कैसी काई सी
================
वास्ता पड़ता ख़िज़ाँ से
कोई गुज़रे इम्तिहाँ से
चल पड़े तब ही अकेले
जब भी बिछड़े कारवाँ से

वक्त की गर्दिश में घिर - घिर
हो गए हम खुद धुँआ से
फूल ज़ख़्मी क्यों हुए हैं

पूछ लो अब बाग़बाँ से
देखिए होता है क्या अब
तीर निकला है कमाँ से

क्या सितम झेले हैं दिल ने
क्या कहे ' सुषमा ' ज़ुबाँ से
==================
भीतर द्वेष है बाहर प्यार
कैसा है रब ये संसार
कैसे हम पहचान करें
परछाई सा है आकार

दिल को ज़ख़्मी करता है
भाला है वो या तलवार
स्वारथ की हर भट्ठी में
मानव जलने को तैयार

साँझा चूल्हा शांत हुआ
अब तो एकल परिवार
कब टिक पाएंगे हम ' सुषमा '
बिन अस्तित्व , बिना आधार
=====================
आदर्शों पर चलता है
पागल है क्यों जलता है
अंधियारों का दोस्त रहा
उजियारों को खलता है

पहले दोष लगाता था
रंग समझ अब मलता है
देख रहे हैं सब उसको
किस साँचे में ढलता है

ज़ख़्म मेरा नासूर बना
मोम सरीखा गलता है
' सुषमा ' क्या विश्वास करूँ
सारा आलम छलता है

टिप्पणियाँ

वाह वाह हार्दिक आभार आरिफ जी

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

शेपिंग फ्यूचर : विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की एक पहल

राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में उभरते कलाकारों की पेंटिंग्स प्रदर्शनी

उत्तराखण्ड समाज साध नगर देवभूमि की संस्कृति,संघर्ष,सम्मान और एकता को समर्पित आयोजन

जब किताबी ज्ञान जुड़ता है जीवन से,तब होम साइंस दिखाता है अपनी ताकत

बूंदी में 43वाँ इज्तेमाई शादी सम्मेलन आयोजित,सादगी और सामाजिक एकता पर जोर

कल्याण मोटर्स ने जयपुर में अपने तीसरे महिंद्रा ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर का शुभारंभ किया

IIHMR विश्वविद्यालय,जयपुर में ‘पुलिसिंग में सकारात्मक व्यवहार’ पर प्रशिक्षण कार्यक्रम