एक शाम किन्नरों के नाम’ किन्नर समुदाय के जीवन,संघर्ष और संवेदनाओं का चित्रण

By YOGESH BHATT  #Delhi #Theater #Kinner #Drama #RamaPandya #Ratnav 
नई दिल्ली: दिल्ली के मंडी हाउस स्थित श्री राम सेंटर सभागार में ‘एक शाम किन्नरों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साहित्य, कला और रंगमंच के माध्यम से किन्नर समुदाय की पहचान, जीवन-अनुभवों, संघर्षों और संवेदनाओं को अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्यिक चर्चा, कला प्रदर्शनी और नाटक का मंचन किया गया। यह कार्यक्रम रमा थिएटर नाट्य विद्या संस्था (रतनाव) द्वारा आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘साहित्य की नज़र में किन्नर’ विषय पर एक साहित्यिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा में डॉ.लक्ष्मी शंकर बाजपेयी, श्री कांता राय, डॉ.ओम निश्चल, सविता नागर, दीपिका एवं डॉ. ममता किरण ने सहभागिता की। वक्ताओं ने साहित्य में किन्नर समुदाय के चित्रण, उनकी सामाजिक पहचान, संघर्षों, चुनौतियों और संवेदनाओं पर विस्तार से अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि साहित्य में किन्नर विमर्श को और अधिक प्रमुखता मिलनी चाहिए, ताकि इस समुदाय के जीवन, अनुभवों और संघर्षों को व्यापक सामाजिक स्वीकार्यता मिल सके। रामायण से लेकर महाभारत तक के प्रसंगों और उदाहरणों का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने भारतीय परंपरा और समाज में किन्नर समुदाय की उपस्थिति, भूमिका तथा उनके प्रति दृष्टिकोण को रेखांकित किया।
 उन्होंने कहा कि किन्नर समुदाय को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और गरिमा के साथ देखने की आवश्यकता है। इस अवसर पर ‘अस्तित्व’ शीर्षक से एक कला प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें कलाकार कशिश की समकालीन कलाकृतियों के माध्यम से किन्नर समुदाय की पहचान, भावनाओं, आत्मसम्मान, स्वीकार्यता और आत्म-अभिव्यक्ति के विभिन्न पहलुओं को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में रमा पांडेय द्वारा लिखित, निर्मित एवं निर्देशित नाटक ‘लल्लन मिस’ का मंचन किया गया। नाटक ने किन्नर समुदाय के जीवन, उनके व्यक्तिगत अनुभवों, सामाजिक चुनौतियों, संघर्षों और भावनात्मक पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से मंच पर जीवंत किया। इस वर्ष साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरुषोत्तम अग्रवाल तथा संगीत के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पदमभूषण पंडित साजन मिश्रा को रतनाव द्वारा पीयूष पाण्डेय की स्मृति में लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया।
दिल्ली के प्रमुख कॉलेजों से आई छात्राओं ने कहानियों और कविताओं के माध्यम से किन्नर समुदाय के प्रति नई पीढ़ी के विचारों और दृष्टिकोण को अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुतियों में इस समुदाय के प्रति समाज की सोच बदलने, पूर्वाग्रहों को दूर करने और समानता व सम्मान का भाव विकसित करने का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
इस अवसर पर रमा पांडेय ने कहा किन्नर समुदाय भी हमारे समाज का उतना ही महत्वपूर्ण हिस्सा है, जितना कोई अन्य वर्ग। उनके जीवन में भी अनेक कहानियां, सपने, संघर्ष और संवेदनाएं हैं, जिन्हें समझने और समाज के सामने लाने की जरूरत है। ‘एक शाम किन्नरों के नाम’ के माध्यम से हमारा प्रयास है कि साहित्य, कला और रंगमंच के जरिए उन्हें अपनी बात कहने और अपनी पहचान को अभिव्यक्त करने का एक सशक्त मंच मिले।
हम चाहते हैं कि उनकी जिंदगी और अनुभवों को समाज केवल देखे ही नहीं, बल्कि समझे और उनसे जुड़े मानवीय पहलुओं को महसूस भी करे। मेरा मानना है कि कला और रंगमंच समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा लोगों की सोच और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने की ताकत रखते हैं। रमा थिएटर नाट्य विद्या संस्था (रतनाव) भारत की पारंपरिक वाचिक कला और मौखिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित संस्था है।
संस्था का उद्देश्य केवल इन कलाओं को संरक्षित करना ही नहीं, बल्कि उनसे जुड़े कलाकारों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी कला को रंगमंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाना भी है। रतनाव पारंपरिक कलाकारों और उनकी कला को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। रतनाव की संस्थापक रमा पांडेय नाटक ‘लल्लन मिस’ की कथाकार, लेखिका, निर्माता एवं निर्देशक भी हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

शेपिंग फ्यूचर : विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की एक पहल

राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में उभरते कलाकारों की पेंटिंग्स प्रदर्शनी

उत्तराखण्ड समाज साध नगर देवभूमि की संस्कृति,संघर्ष,सम्मान और एकता को समर्पित आयोजन

जब किताबी ज्ञान जुड़ता है जीवन से,तब होम साइंस दिखाता है अपनी ताकत

बूंदी में 43वाँ इज्तेमाई शादी सम्मेलन आयोजित,सादगी और सामाजिक एकता पर जोर

कल्याण मोटर्स ने जयपुर में अपने तीसरे महिंद्रा ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर का शुभारंभ किया

IIHMR विश्वविद्यालय,जयपुर में ‘पुलिसिंग में सकारात्मक व्यवहार’ पर प्रशिक्षण कार्यक्रम