देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुतियों से राष्ट्रीय एकता,सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्र प्रेम का संदेश

० आशा पटेल ० 
जयपुर : भारत विकास परिषद के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की क्षेत्र स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन श्री खंडेलवाल वैश्य महासभा भवन, संत सुंदरदास मार्ग, शास्त्री नगर, जयपुर में किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के सात प्रांतों से आए विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। 
निर्णायक मंडल में पं. पंकज विशाल, डॉ. शिल्पा मिश्रा एवं शिवम मिश्रा शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के प्रति समर्पण, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना था।
पंकज विशाल मैहर घराने के प्रतिष्ठित सितार वादक हैं, जो अपनी प्रस्तुतियों, गहन संगीत-बोध एवं कलात्मक परिष्कार के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सितार की प्रारंभिक शिक्षा पं. सुनील मुखर्जी से प्राप्त की तथा आगे चलकर सुप्रसिद्ध केडिया बंधुओं पं. मोर मुकुट केडिया एवं पं. मनोज केडिया और पं. शुभेन्द्र राव के मार्गदर्शन में अपनी संगीत साधना को निखारा।
वे आकाशवाणी के मान्यता प्राप्त कलाकार हैं तथा सिविल सर्विसेज़ कल्चरल एंड स्पोर्ट्स बोर्ड द्वारा आयोजित अखिल भारतीय संगीत, नृत्य एवं नाट्य प्रतियोगिता में तीन राष्ट्रीय स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुतियाँ दी हैं। इनमें हैदराबाद हाउस में भारत के प्रधानमंत्री एवं ब्राज़ील के राष्ट्रपति के समक्ष दी गई प्रस्तुति उल्लेखनीय है। उन्होंने ग्वाटेमाला एवं अल सल्वाडोर में भी भारतीय शास्त्रीय संगीत का प्रतिनिधित्व किया है।

 देवरा बाबा संगीत समारोह, दत्त जयंती संगीत समारोह तथा कोलकाता के आलाप जैसे आयोजनों में उनकी प्रस्तुतियाँ सराही गई हैं। अपनी संगीत साधना एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से पंकज विशाल भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने और उसे समृद्ध करने में निरंतर योगदान दे रहे हैं।

डॉ. शिल्पा मिश्रा आकाशवाणी, दिल्ली की ठुमरी-दादरा विधा में ए-ग्रेड कलाकार हैं। उन्होंने दूरदर्शन, डीडी भारती एवं डीडी उर्दू जैसे मंचों पर अपनी गायन प्रस्तुतियाँ दी हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने एनसीईआरटी एवं स्पिक मैके द्वारा आयोजित कार्यशालाओं में योगदान दिया है तथा स्वरालय छंद महोत्सव, जश्न-ए-अदब साहित्य महोत्सव सहित अनेक सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया है।

 उन्हें दिल्ली विश्वविद्यालय के संगीत एवं ललित कला संकाय में अतिथि व्याख्याता के रूप में ठुमरी-दादरा के शिक्षण हेतु आमंत्रित किया गया। भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें ‘नारी साधिका सम्मान’ एवं ‘सुर साधिका सम्मान’ जैसे सम्मानों से अलंकृत किया गया है।

 शिवम मिश्रा हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में आकाशवाणी, दिल्ली के मान्यता प्राप्त कलाकार एवं राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गायक हैं। उन्होंने स्वरालय छंद महोत्सव, जश्न-ए-अदब साहित्य महोत्सव तथा निबद्ध संस्था जैसे अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी गायन प्रस्तुतियाँ दी हैं। अपनी हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने श्रोताओं के हृदय में विशेष स्थान बनाया है।

 उन्हें कला उत्सव में विजेता होने सहित अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इसके अतिरिक्त, दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं में उन्होंने निरंतर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा एवं संगीत साधना का परिचय दिया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

शेपिंग फ्यूचर : विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की एक पहल

परशुराम प्रीमियर लीग PPL 2026 : सारंग टीम बनी चैंपियन,वरुणास्त्र रही उपविजेता

राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में उभरते कलाकारों की पेंटिंग्स प्रदर्शनी

उत्तराखण्ड समाज साध नगर देवभूमि की संस्कृति,संघर्ष,सम्मान और एकता को समर्पित आयोजन

जब किताबी ज्ञान जुड़ता है जीवन से,तब होम साइंस दिखाता है अपनी ताकत

बूंदी में 43वाँ इज्तेमाई शादी सम्मेलन आयोजित,सादगी और सामाजिक एकता पर जोर

कल्याण मोटर्स ने जयपुर में अपने तीसरे महिंद्रा ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर का शुभारंभ किया