क्यूँ ? बनती हैं ये सरहदें

० सुषमा भंडारी ० 
काश कोई आये समझाने
सम्बंधों में आग लगी है
लपटें धधक रही इत- उत
सच की बैरी सारी दुनिया
ये है इस जग की आदत।
चाटुकारिता की आँधी में
बिखरे सारे मूल्य
पांव दबाते देखा उनको जो हैं देव तूल्य।
पीड़ाओं का हुआ है जमघट
महलों में ,दरबारों में
खुशियों का बंटवारा होता आज ठेकेदारों में।

भीतर -भीतर चुप्पी फैली
बढती जाये आग
अब न जागा तो क्या होगा
जाग मुसाफिर जाग।
======================
हम को लोग कहें दीवाना
भूले जब से हम मुस्काना
​चाँद तो आखिर ठहरा चाँद
चाँद को भी क्या चमकाना

​महफ़िल में रौनक ही रौनक
अपना दिल ही था बेगाना
​बाँटी हमने सदा बहारें
फिर भी दीखे क्यूँ वीराना

​सन्नाटों की गूँज बहुत है
चुप्पी को भी क्या उकसाना
​शमा की खातिर मिटे पतंगा
सीखा नहीं है शोर मचाना
===================
हुआ हवन दिन - रात
देह तपोवन हो गई
हुआ हवन दिन- रात
प्रेम बनी इत-उत बंटी
मिला घात- प्रतिघात।।

यज्ञभूमि जब घर बना
किया सिमर दिन- रात
दंभी अहमी आ घुसे
किये बुरे हालात।।

प्रेम पथिक बन मैं चलूँ
हरदम रही ये चाह
मोह माया न दूर हो
पकड़ो प्रभु जी बांह।।

नये गढूँ सिद्धांत मैं
जीवन करूँ निहाल
आहुति दूँ प्यार की
कर दूँ सब खुशहाल।।

साँसारिक आवेग में
बह ना जाऊँ यार
गिद्ध बने रिश्ते खड़े
पग पग बन अय्यार।।
=================
प्रीत की, बयार गुनगुना रही
कान में रस घोल के लुभा रही।।
​रोम-रोम खिल उठा है फूल सा
गीत पवन गा रही लजा रही।।

​स्वप्न जी उठे हैं जो थे मृत - से
बांसुरी जो मौन थी वो गा रही ।।
​छंद -बँध , बँध रहे हैं गीत में
धडकनें दिल की मुस्कुरा रही

​श्वांंस-श्वांंस में बसे अराध्य तुम
चेतना सिमट -सिमट बता रही।।
​जीत न कुछ हार न ये प्यार है
क्यूं ये हृदय वेदना सता रही।।
=====================
 क्यूँ 
​क्यूँ ? बनती हैं ये सरहदें
क्यूँ ? टूट जाती हैं ये हदें
क्यूँ ? छीन लिया जाता है माँ के दुलारों को
​क्यूँ ? बन रहे हैं घर अब मकान

क्यूँ ? उदास -सी हैं मुस्कान
क्यूँ ? हर कोई है परेशान
क्यूँ ? छीन लिया है झूठी शान ने परिवारों को
​क्यूँ ? रो रहा है बालकों का बचपन

क्यूँ ? रो रहा है पालकों का पचपन
क्यूँ ? खुद से ही खुद की हो रही है अनबन
क्यूँ? छीन रहा है मौसम ही अब बहारों को
क्यूँ?

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

शेपिंग फ्यूचर : विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की एक पहल

परशुराम प्रीमियर लीग PPL 2026 : सारंग टीम बनी चैंपियन,वरुणास्त्र रही उपविजेता

राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में उभरते कलाकारों की पेंटिंग्स प्रदर्शनी

उत्तराखण्ड समाज साध नगर देवभूमि की संस्कृति,संघर्ष,सम्मान और एकता को समर्पित आयोजन

जब किताबी ज्ञान जुड़ता है जीवन से,तब होम साइंस दिखाता है अपनी ताकत

बूंदी में 43वाँ इज्तेमाई शादी सम्मेलन आयोजित,सादगी और सामाजिक एकता पर जोर

कल्याण मोटर्स ने जयपुर में अपने तीसरे महिंद्रा ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर का शुभारंभ किया