ऑस्कर की दौड़ में भारतीय फिल्मों की एंट्री के लिए आवेदन शुरू,अंतिम तिथि 7 सितंबर : अभय सिन्हा
० संत कुमार गोस्वामी ०
मुंबई : 99वें अकादमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर में भाग लेने के लिए भारतीय फिल्म मेकरों के प्रविष्टि के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसको लेकर फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया की कार्यसमिति की बैठक में इस वर्ष भारत की ओर से ऑस्कर के लिए फिल्म के चयन को लेकर आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा मुंबई के द क्लब होटल में आयोजित कार्यक्रम में एफएफआई के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने दी। इस मौके पर एफएफआई के उपाध्यक्ष निशांत उज्ज्वल, महासचिव धर्मेंद्र मेहरा, कोषाध्यक्ष संग्राम सिरके और प्रसिद्ध फिल्मकार अशोक पांडेय उपस्थित रहे। एफएफआई अध्यक्ष अभय सिन्हा और एफएफआई उपाध्यक्ष निशांत उज्ज्वल दोनों बिहार से आते हैं और दोनों की जोड़ी इन दिनों भारतीय सिनेमा में अपना अहम योगदान दे रही है ।
एफएफआई अध्यक्ष अभय सिन्हा ने बताया कि भारत की ओर से ऑस्कर में भेजी जाने वाली फिल्म के लिए आवेदन 4 अगस्त से 7 सितंबर 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एफएफआई की ओर से ज्यूरी के अध्यक्ष यानी चेयरमैन ऑफ द ज्यूरी का चयन किया जाएगा। इसके साथ ही रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ एवं योग्य लोगों को ज्यूरी में शामिल किया जाएगा। ज्यूरी के सदस्य सभी चयनित फिल्मों की स्क्रीनिंग के बाद मतदान के माध्यम से भारत की प्रविष्टि का फैसला करेंगे।
अभय सिन्हा ने कहा कि एफएफआई फिल्म निर्माताओं को ऑस्कर की नामांकन प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि संस्था की कोशिश आवेदन से लेकर चयन तक की पूरी प्रक्रिया को सुचारू, लोकतांत्रिक और पारदर्शी बनाए रखने की है। एफएफआई ने अधिक से अधिक फिल्म निर्माताओं से इस प्रक्रिया में अपनी फिल्मों को शामिल करने का आह्वान किया है, ताकि भारतीय सिनेमा की विविधता और रचनात्मक क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिले।
एफएफआई के उपाध्यक्ष निशांत उज्ज्वल ने बताया कि भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग और ज्यूरी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारत की ओर से ऑस्कर के लिए चुनी गई अंतिम फिल्म की घोषणा 19 सितंबर को की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय फिल्में लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना रही हैं और प्रतिष्ठित ऑस्कर में भी देश की फिल्मों की भागीदारी भारतीय सिनेमा के लिए गौरव का विषय है।
टिप्पणियाँ