ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से कराए जाएं चुनाव : मल्लिकार्जुन खरगे

० आनंद चौधरी ० 
भाजपा के शासन में न तो बोलने की आजादी है और न ही धार्मिक स्वतंत्रता है। ये केवल काटो-बांटों की बात करते हैं। भाजपा के राज में महिलाओं के साथ रेप होता है, आदिवासियों पर पेशाब किया जाता है और दलितों को शादी में घोड़े से उतारकर मारा-पीटा जाता है। ये संविधान के रक्षक नहीं बल्कि भक्षक हैं। 
नई दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की है। उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव के लिए 'भारत जोड़ो यात्रा' की तरह ही देशव्यापी मुहिम शुरू करने का सुझाव भी दिया।  कांग्रेस अध्यक्ष संविधान दिवस के अवसर पर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के साथ संविधान रक्षक अभियान समारोह को संबोधित कर रहे थे।  कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा,  बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर पता चल जाएगा कि आप कहां खड़े हैं और आपकी क्या हालत है। 
कांग्रेस अध्यक्ष ने उद्योगपति अडानी पर भाजपा की मदद करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के चुनावों में अडानी का बहुत बड़ा हाथ था, क्योंकि उन्होंने अपने धनबल से भाजपा की मदद की। मोदी ने अडानी को इतनी संपत्ति दी है कि वे इसे पचा नहीं पा रहे हैं और भाजपा की मदद के लिए चुनावों में पैसा बांट रहे हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि संविधान यूं ही नहीं बना, इसे तैयार करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने बहुत मेहनत की। इसे बनाने में बाबासाहेब आंबेडकर का अहम योगदान था। आज कुछ लोग संविधान की तारीफ करते हैं, उसे नमन करते हैं। लेकिन अंदर ही अंदर वे संविधान को खत्म करना चाहते हैं। आजादी की लड़ाई में इनका कोई योगदान नहीं है। कांग्रेस के लोग आजादी के लिए लड़े और आजादी हासिल की। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे कांग्रेस नेताओं ने देश को एकजुट रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

 राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा भी लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए निकाली। खरगे ने आगे कहा, भाजपा के शासन में न तो बोलने की आजादी है और न ही धार्मिक स्वतंत्रता है। ये केवल काटो-बांटों की बात करते हैं। भाजपा के राज में महिलाओं के साथ रेप होता है, आदिवासियों पर पेशाब किया जाता है और दलितों को शादी में घोड़े से उतारकर मारा-पीटा जाता है। ये संविधान के रक्षक नहीं बल्कि भक्षक हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा को याद दिलाया कि जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश के विभाजन से पहले बंगाल में मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन सरकार बनाई थी।

खरगे ने कहा कि नरेंद्र मोदी को 300 या 400 से अधिक सीटें मिलतीं तो वे तानाशाह बन जाते। भाजपा केवल 240 सीटें ही जीत पाई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अब चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार की दो बैसाखियों पर खड़ी है। जैसे ही एक बैसाखी हटेगी तो मोदी सरकार गिर जाएगी। 
वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर संविधान को खत्म करने के प्रयास का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, भाजपा चाहती है कि कुछ अरबपति देश को अपने नियंत्रण में रखें, इसलिए वह संविधान को खत्म करना चाहती है। जातिगत जनगणना और आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की सीमा को खत्म कर इस नियंत्रण को तोड़ा जा सकता है। 

उन्होंने कहा, भाजपा और आरएसएस जितनी भी कोशिश कर लें, देश में जाति जनगणना कराई जाएगी और 50 प्रतिशत की सीमा हटाई जाएगी। मंच पर रोहित वेमुला की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह बोलना चाहते थे, लेकिन उनकी आवाज दबा दी गई। हिंदुस्तान में हर रोज आदिवासी, दलित, पिछड़े वर्ग का युवा इंजीनियर, डॉक्टर, वकील, आईएएस बनने का सपना देखता है। लेकिन देश का पूरा सिस्टम इनके खिलाफ खड़ा है। अगर ऐसा नहीं होता तो देश की 200 बड़ी कंपनियों के मालिकों और उच्च अधिकारियों की लिस्ट में इन वर्गों के लोग मिलते।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगे कहा, देश का पूरा बजट 90 लोगों के हाथ में है। इनमें से सिर्फ तीन दलित, तीन ओबीसी हैं और एक आदिवासी है। भाजपा इन वर्गों को सिर्फ खोखले सपने दिखा रही है और इनकी जेब से पैसा निकालकर अमीरों की जेब में डाल रही है। जातिगत जनगणना से पता चलेगा कि देश में दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों की कितनी भागीदारी है। जातिगत जनगणना से देश का डाटा सामने होगा, जिससे विकास के मानक पूरी तरह से बदल जाएंगे। देश में जातिगत जनगणना से विकास की एक मजबूत नींव तैयार होगी।

उन्होंने कहा, कांग्रेस शासित तेलंगाना में जातिगत जनगणना के दौरान पूछे जा रहे सवाल प्रदेश के दलितों, पिछड़ों, गरीबों ने मिलकर तय किए हैं। ये एक ऐतिहासिक कदम है। जहां भी कांग्रेस सरकार होगी, इसी तरह जातिगत जनगणना कराई जाएगी। मंच से संविधान की प्रति दिखाते हुए उन्होंने दोहराया कि वह गारंटी के साथ कह सकते हैं कि नरेंद्र मोदी ने संविधान नहीं पढ़ा है। इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, नासिर हुसैन, काजी निजामुद्दीन, देवेंद्र यादव, गुरदीप सप्‍पल, के राजू, राजेश लिलोठिया, इमरान प्रतापगढ़ी, कैप्टन अजय यादव, शिवाजीराव मोघे समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सैफ़ी काउंट द्वारा विकास नगर में मीटिंग में नियुक्त पत्र वितरित

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की पहल पर "सक्षम" का आयोजन

राजस्थान समग्र सेवा संघ, में “राजस्थान के गाँधी” गोकुल भाई की 128वीं जयंती पर नशामुक्ति अभियान

इला भट्ट की पुस्तक "महिलाएं] काम और शांति" का लोकार्पण

COWE और टी ट्रेडिशन ने "पौष्टिक" comeptition का आयोजन किया

बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा Earned Salary Advance Drawal Access Scheme का शुभारंभ

जयपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा के शपथ ग्रहण में उमड़ा जन सैलाब

NSUI National President जो गहलोत और पायलट न कर सके, वह विनोद जाखड़ ने कर दिखाया

कंपनी सचिव के परिणाम घोषित,क्षितिज,प्रशस्त,काशवी,अंकुश,मोनिशा व पलक ने रेंक हासिल की

यस बैंक ने उत्तर भारत में 34.4% शाखाओ के साथ अपनी उपस्थिति की मजबूत