नीट पेपर लीक : सिर्फ परीक्षा नहीं, करोड़ों सपनों के साथ विश्वासघात

० इरफ़ान राही ० 
देश में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाएं केवल प्रश्नपत्रों और अंकों का खेल नहीं होतीं, बल्कि यह करोड़ों सपनों, उम्मीदों और संघर्षों की कहानी होती हैं। खासतौर पर NEET जैसी परीक्षा, जिसे देश के सबसे कठिन और प्रतिष्ठित एग्जामों में गिना जाता है। इस परीक्षा के पीछे केवल एक छात्र की मेहनत नहीं होती, बल्कि उसके पूरे परिवार की कुर्बानियां जुड़ी होती हैं।

 एक बच्चा डॉक्टर बनने का सपना देखता है, तो उसके साथ मां-बाप अपने अधूरे सपनों को भी उस बच्चे की आंखों में सजाते हैं। भाई-बहन उसका हौसला बनते हैं, रिश्तेदार उम्मीदें बांधते हैं और पूरा परिवार सालों तक एक ही लक्ष्य के लिए जीता है।

ऐसे में जब पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं तो यह केवल एक परीक्षा में गड़बड़ी नहीं होती, बल्कि यह उन लाखों मेहनती और ईमानदार छात्रों के साथ खुला अन्याय होता है, जिन्होंने दिन-रात एक करके अपनी तैयारी की होती है। जिन बच्चों ने मोबाइल, खेल, घूमना-फिरना और अपनी छोटी-छोटी खुशियों तक को छोड़कर केवल पढ़ाई को अपना लक्ष्य बनाया, उनके लिए पेपर लीक की खबर किसी सदमे से कम नहीं होती।
आज देश का युवा यह सवाल पूछ रहा है कि अगर मेहनत के बावजूद सफलता का फैसला पैसे, पहुंच और भ्रष्ट तंत्र करेगा, तो फिर ईमानदारी का क्या महत्व रह जाएगा? यह सवाल केवल छात्रों का नहीं, बल्कि पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था पर उठता हुआ एक गंभीर सवाल है।

नीट की तैयारी करने वाले लाखों छात्र वर्षों तक कठिन मेहनत करते हैं। कई बच्चे गांवों और छोटे कस्बों से आते हैं, जहां संसाधनों की भारी कमी होती है। गरीब परिवार अपने बच्चों की कोचिंग फीस भरने के लिए जमीन बेच देते हैं, कर्ज लेते हैं या अपनी जरूरतों में कटौती करते हैं। मां अपने गहने तक बेच देती है ताकि बेटे या बेटी का डॉक्टर बनने का सपना पूरा हो सके।

लेकिन जब पेपर लीक हो जाता है, तब सबसे बड़ा नुकसान उसी ईमानदार छात्र का होता है, जिसने कभी गलत रास्ता नहीं चुना। वह बच्चा जो पूरी रात जागकर पढ़ाई करता है, वह अचानक खुद को उन लोगों के सामने कमजोर महसूस करने लगता है, जिन्होंने पैसे और सिफारिश के दम पर परीक्षा को मजाक बना दिया। यही कारण है कि पेपर लीक केवल कानूनी अपराध नहीं, बल्कि नैतिक अपराध भी है। यह देश की प्रतिभा की हत्या करने जैसा अपराध है।

देश में जब भी किसी परीक्षा में धांधली या पेपर लीक का मामला सामने आता है, तो कार्रवाई अक्सर निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित रह जाती है। कुछ दलाल, कुछ छोटे कर्मचारी या कुछ नाममात्र के आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाते हैं और फिर धीरे-धीरे मामला ठंडा पड़ जाता है। लेकिन असली सवाल आज भी वहीं खड़ा है आखिर इतने बड़े स्तर पर पेपर लीक बिना किसी बड़े नेटवर्क और संरक्षण के संभव कैसे हो सकता है?

क्या बिना संगठित गिरोह, तकनीकी मदद और प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत के ऐसा संभव है?
स्पष्ट है कि यह केवल छोटे स्तर की गड़बड़ी नहीं, बल्कि एक बड़े भ्रष्ट तंत्र का हिस्सा है। इसलिए जांच केवल “पेपर किसने पहुंचाया” तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि पेपर सबसे पहले कहां से बाहर आया, किसके संरक्षण में यह नेटवर्क चल रहा था, किन लोगों ने आर्थिक लाभ उठाया और इस पूरे खेल में कौन-कौन लोग शामिल थे।

जब तक जांच “स्टार्टिंग पॉइंट” तक नहीं पहुंचेगी, तब तक हर साल कोई न कोई परीक्षा इसी तरह विवादों में घिरती रहेगी पेपर लीक का असर केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं रहता। इसका सबसे गहरा प्रभाव छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। कई बच्चे वर्षों की मेहनत के बाद जब इस तरह की खबरें सुनते हैं, तो वे निराशा, अवसाद और तनाव में चले जाते हैं। कुछ छात्र खुद को असफल मानने लगते हैं, जबकि गलती उनकी नहीं, बल्कि सिस्टम की होती है।

कई परिवारों में आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं होती कि बच्चा बार-बार तैयारी कर सके। ऐसे में परीक्षा रद्द होना या विवादों में घिर जाना उनके लिए आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का बोझ बन जाता है।
आज जरूरत इस बात की है कि सरकार केवल परीक्षा आयोजित करने तक अपनी जिम्मेदारी सीमित न रखे, बल्कि छात्रों के विश्वास और मानसिक सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे।

भारत को दुनिया का युवा देश कहा जाता है। लेकिन यदि देश का युवा ही शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा खोने लगे, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। परीक्षा प्रणाली किसी भी देश की योग्यता और प्रतिभा का आधार होती है। यदि वही व्यवस्था भ्रष्टाचार, लापरवाही और धांधली का शिकार हो जाए, तो प्रतिभाशाली युवाओं का भविष्य अंधकार में चला जाता है।

आज जरूरत है कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाया जाए। प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा के आधुनिक उपाय अपनाए जाएं। डिजिटल ट्रैकिंग, मल्टी-लेयर सिक्योरिटी, कड़ी निगरानी और समयबद्ध जांच जैसे कदम अब अनिवार्य हो चुके हैं। इसके साथ-साथ ऐसे मामलों में “फास्ट ट्रैक जांच” और “कठोर सजा” का प्रावधान होना चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।

एक डॉक्टर केवल अपने परिवार का सहारा नहीं बनता, बल्कि समाज और देश की सेवा भी करता है। इसलिए नीट जैसी परीक्षा में पारदर्शिता केवल छात्रों के हित का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के भविष्य का प्रश्न है।
अगर मेहनती और योग्य छात्र व्यवस्था से निराश हो जाएंगे, तो समाज में गलत संदेश जाएगा कि सफलता का रास्ता मेहनत नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार है। यह स्थिति किसी भी राष्ट्र के लिए बेहद खतरनाक होती है।
सरकार, जांच एजेंसियों और शिक्षा संस्थानों को यह समझना होगा कि पेपर लीक केवल एक प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि करोड़ों सपनों के साथ विश्वासघात है।

 उन लाखों छात्रों की आंखों में जो डॉक्टर बनने का सपना पल रहा है, उसकी रक्षा करना देश की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। क्योंकि जिस देश में मेहनत हारने लगे और भ्रष्टाचार जीतने लगे, वहां प्रतिभा दम तोड़ने लगती है। और जिस दिन युवाओं का भरोसा टूट जाता है, उस दिन केवल एक परीक्षा नहीं हारती, बल्कि पूरा राष्ट्र कमजोर होने लगता है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार

ईद मिलन एवं सैफी सम्मान समारोह में दिखी एकता की मिसाल,संस्थाओं को किया गया सम्मानित