IIIDEM द्वारा म्‍यामांर के निर्वाचन अधिकारियों के लिए चुनाव ट्रेनिंग  

नयी दिल्ली - भारतीय निर्वाचन आयोग के भारतीय अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम) द्वारा म्‍यामांर के निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के लिए चुनाव प्रक्रिया में प्रौद्योगिकी के इस्‍तेमाल पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।  


इस अवसर पर  चुनाव आयुक्‍त सुशील चंद्रा ने दुनिया भर में लोकतंत्र को मजबूत करने और प्रौद्योगिकी के उपयोग के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, विश्वास और निष्पक्षता के लिए चुनाव प्रबंधन निकायों के बीच चुनावों की बेहतरीन प्रक्रियाओं को साझा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।


उन्‍होंने इस अवसर पर भारत में हाल में संपन्‍न आम चुनाव 2019 में प्रौद्योगिकी के सफल इस्‍तेमाल का उल्‍लेख किया जिसमें ईवीएम के साथ वीवीपैट के प्रयोग की पहल तथा मतदाताओं और निशक्‍त जनों के लिए एप्लिकेशन की शुरुआत, डाक मत पत्रों  के प्रेषण के लिए इलेक्‍ट्रानिक पद्धति का इस्‍तेमाल तथा सी विजिल जैसी प्रौद्योगिकी के इस्‍तेमाल से बड़ा बदलाव दिखा। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने तथा ऐसे विभिन्न क्षेत्रों की पहचान करने के लिए प्रोत्साहित किया जिनमें म्यामांर की चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जा सके।


चुनाव प्रौद्योगिकी में क्षमता विकास पर 2018-19 के दौरान आयोजित किए जाने वाले 9 कार्यक्रमों की श्रृंखला का यह 7वां कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में म्यामांर के निर्वाचन आयोग के कई बड़े अधिकारी भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम का संचालन भारतीय निर्वाचन आयोग के अनुभवी अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के माध्यम से म्यामांर के निर्वाचन आयोग द्वारा किए गए अनुरोध पर इस कार्यक्रम की रूपरेखा विशेष रूप से बनाई गई है।


आईआईआईडीईएम ने म्यामांर में 2020 में होने वाले आम चुनाव के लिए वहां के अधिकारियों के प्रशिक्षण की जरूरतों का विश्लेषण 2017 में किया था और इसके आधार पर ही उनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तय की है।


 कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग के महानिदेशक धीरेन्द्र ओझा ने चुनाव प्रक्रिया में विभिन्न हितधारकों द्वारा सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल पर अपने विचार प्रकट किए।


इस अवसर पर आईआईआईडीईएम के निदेशक विवेक खरे ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आईआईआईडीईएम के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. नूर मोहम्मद ने चुनाव प्रक्रिया में प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल के महत्व पर प्रकाश डाला। बाद में निर्वाचन आयोग के सचिव एस.बी. जोशी ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया।   


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

ईद मिलन एवं सैफी सम्मान समारोह में दिखी एकता की मिसाल,संस्थाओं को किया गया सम्मानित

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार