पीड़ा के स्वर


विजय सिंह बिष्ट

मैंने कितने अश्रु बहाए जीवन में,
अगर संजोया होता सागर भी भर जाता,
इतना जहर पिलाया मुझको दुनिया ने,
नीलकंठ भी पीता तो वह भी मर जाता।


यदि मैं अपनी राम कहानी पहले लिखा देता,
भला लिखने को फिर क्या रह जाता।
जितने रावण आये मुझसे लड़ने को,
एक अकेला राम भला क्या लड़ पाता।
अपनी यदि मैं राम कहानी लिख देता,
फिर लिखने को शेष भला क्या रह जाता।


प्यार किया विश्वास किया अपना माना,
जाने क्यों हर अपना धोखा दे जाता।
इतना लूटा अपने और परायों ने,
धन कुबेर का भी दीवाला पिट जाता।


झंझावात भंयकर मैंने जो झेले,
प्रलय काल का मनु शायद ही बच पाता।
जीवन गुजरा सूखे रेगिस्तानों में,
मरूस्थल में कैसे गंगाजल पाता।
यदि मैं अपनी राम कहानी लिख देता,
फिर लिखने को शेष भला क्या रह जाता।


दुर्योधन के दल में शामिल भीष्म यहां,
उन्हें मारने कितने चक्र उठाता,
लाखों द्रौपदियों की लुटती लाज यहां,
किस किस की  मैं लाज बचाने चीर बढ़ाता।


इक जैसा ही पाया मैनेलोगों को,
भले बुरे का निर्णय कैसे कर पाता।
मेरे मन मंदिर में मेरा ईश्वर है
मैं औरों के दरवाजों पर क्यों जाता।
तुम अपने हिस्से का विष मुझको दे दो,
विष पीने से ही तो शंकर बन जाता।


धोर वेदना का लावा जो अंतर में,
अंबर पर गिरता तो निश्चित फट जाता।
दीप जलाए बैठा रहता रात दिवस,
सुनते हैं यह सूरज भी तो बुझ जाता।
अपनी राम कहानी यदि मैं लिख देता,
फिर लिखने को शेष भला क्या रह जाता।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

ईद मिलन एवं सैफी सम्मान समारोह में दिखी एकता की मिसाल,संस्थाओं को किया गया सम्मानित

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार