प्रवासी राजस्थानी दिवस से प्रवासियों को मिलेगा प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का अवसर - CM Sharma

0 आशा पटेल ० 
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस विश्वभर में बसे राजस्थानियों और उनकी मातृभूमि के बीच और अधिक मजबूत संबंध स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से प्रवासियों को प्रदेश के विकास एवं निवेश में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने आगामी 10 दिसंबर को प्रस्तावित इस आयोजन के सभी पहलुओं की समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चैप्टर्स के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों से निरंतर एवं सक्रिय संवाद स्थापित करें। साथ ही, प्रवासी राजस्थानियों की सुविधा के आधार पर नए चैप्टर्स का शीघ्र संचालन भी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर्स के माध्यम से भी प्रवासी राजस्थानियों से निरंतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि प्रवासियों का जुड़ाव और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर आयोजित होने वाले सेक्टोरल सत्रों के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग तैयारियां समय पर पूरी करें। उन्होंने इससे पहले विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले रोड शो के प्रभावी ढंग से आयोजन के लिए भी निर्देश दिए। 
 इस उपलक्ष्य में शेखावाटी क्षेत्र के प्रवासी राजस्थानियों के लिए विशेष कार्यक्रम शेखावाटी क्षेत्र में ही आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शेखावाटी क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 660 से अधिक ऐतिहासिक हवेलियों का चिन्हीकरण किया है। 

 प्रवासी राजस्थानी दिवस पर ऊर्जा एवं अक्षय ऊर्जा, पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी, शहरी विकास, औद्योगिक विकास, खनन एवं पेट्रोकेमिकल सहित अन्य विषयों पर सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, अधिकाधिक प्रवासी राजस्थानियों को इस आयोजन से जोड़ने के लिए विभिन्न शहरों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे।

 मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 10 दिसंबर 2024 को राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हर वर्ष 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन की घोषणा की थी। इसी कड़ी में इस वर्ष दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन होने जा रहा है। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित उद्योग एवं वाणिज्य, नगरीय विकास एवं आवासन, वित्त, राजस्व, कृषि, स्वायत शासन, ऊर्जा, पर्यटन एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रताप नगर की 87 कॉलोनियों,औद्योगिक संकट और सांगानेर के विकास पर जनसुनवाई

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार