लघुकथा -"हैप्पी न्यू ईयर दीदी"

'' धर्मु ••• अरे ओ धर्मु •••।अरे उठा नहीं अब तक ? छः बज गए ,सूरज चढ़ आया सिर पर ,रजाई में पड़ा है अभी तक ।" उसकी रजाई खींचते हुए दादी बोली। उनकी तेज आवाज से मेरी नींद भी  खुल गई । आज ठंड बहुत ज्यादा थी । अभी से सूरज कहां उग आया?  पता नही दादी सुबह-सुबह क्यों झूठ बोलती हैं ? 



नव वर्ष के आने की खुशी में देर रात तक पार्टी चलने के कारण सभी देर से सोए थे। धर्मु भी रसोई  का सारा काम निपटाकर ही सोया था ताकि सुबह आराम से उठे,पर दादी ने उसका कंबल खींच कर उठा ही दिया और कान पकड़कर बोली, " हैं रे धर्मु , कल मैंने तुझे  गैराज से कुतिया के बच्चे बाहर गली में रखकर आने को कहा था, पर वे तो अभी भी वहीं हैं। कुतिया ने गंद फैला रखा है, एक बार में समझ नही आता •••?"


" दादी, अभी वे बहोत छोटे हैं । उनकी तो आँखें भी नहीं खुली। बाहर ठंड में मर जाएँगे । मुझे पाप लगेगा दादी !" धर्मु ने कुतिया के बच्चों के प्रति दया दिखाते हुए कहा ।
        "जुबान लड़ाता है मुझसे, तेरी इतनी हिम्मत ? पाप- पुण्य के बारे में मुझे बताएगा ? हर रोज मंदिर जाती हूँ ।ठाकुर जी को भोग लगाए बिना मुँह झूठा नहीं करती।दो घंटे बापूजी की कथा सुनती हूँ।चला है मुझे समझाने।"  "दादी, बापू भी तो यही कहते हैं किसी जीव को मत सताओ उसे सताना पाप है।"  यह सुनते ही दादी ने जोरदार चांटा धर्मु  के गाल पर जड़ दिया । गाल सहलाते हुए मासूमियत से मुझे देखते ही बोला ,"हैप्पी न्यू ईयर दीदी।" उसका जवाब न देकर उसकी आँखों में छिपे दर्द को देखती रही जो तोहफे के रूप में दादी ने उसे दे दिया था।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रताप नगर की 87 कॉलोनियों,औद्योगिक संकट और सांगानेर के विकास पर जनसुनवाई

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार