राज्यपाल ने की मादक पदार्थों के नियंत्रण,नशामुक्त भारत के प्रभावी क्रियान्वयन कार्य की समीक्षा

० आशा पटेल ० 
जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने नशामुक्ति के लिए सभी स्तरों पर जवाबदेही तय किए जाने पर जोर दिया है। उन्होंने मुख्य सचिव स्तर पर इसके लिए त्वरित परिपत्र जारी किए जाने और नशामुक्ति के लिए प्रदेश में प्रभावी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नशामुक्त राजस्थान के अंतर्गत महीने भर के लिए विशेष अभियान चलाए जाने का भी आह्वान किया।
राज्यपाल बागडे लोकभवन में मादक पदार्थों के नियंत्रण, नशामुक्त भारत के प्रभावी क्रियान्वयन तथा भावी कार्ययोजना की समीक्षा बैठक में संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि सरकारी विभागों में कहीं कोई नशे में लिप्त मिले तो तुरंत संस्पेंड किया जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में भी यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मादक पदार्थों के सेवन करने वालों पर सख़्त से सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने सीमा क्षेत्र से ड्रोन द्वारा नशीले पदार्थों को भेजे जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि इस सम्बन्ध में त्वरित और प्रभावी कार्यवाही हो।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य में कहीं भी किसी तहसील, गांव और कस्बे में नशीले पदार्थ पकड़े जाते हैं तो वहां के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जाए और उनकी भी इस सम्बन्ध में जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा बड़े बड़े होटलों और सार्वजनिक स्थानों की निगरानी रखते हुए नशामुक्ति अभियान में गंभीर होकर कार्यवाही की जाए।

 उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्वयं भी सजग रहने, नशे से दूर रहने और मादक पदार्थों के उपयोग को रोके जाने के लिए निरंतर कार्यवाही किए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने एक तरफ नशामुक्ति अभियान चलाने और दूसरी तरफ शराब की बिक्री से बढ़ती नशे की प्रवृति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्कूलों में नैतिक मूल्यों के प्रसार को बढ़ावा देने से ही समाज में मादक पदार्थों के सेवन की प्रवृति को रोका जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशा आग है। यह तेजी से फैलती है। इसलिए इसे रोका जाना चाहिए।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि केंद्र सरकार की पहल पर नशामुक्ति अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान और मादक पदार्थ नियंत्रण के लिए राजस्थान में तय प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने पुलिस विभाग द्वारा नशामुक्ति के लिए किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। पूर्व में पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने नशे की बढ़ती प्रवृति और राजस्थान में नशीले पदार्थों की तस्करी और रोकथाम पर चले अभियानों के बारे में विस्तार से प्रस्तुतिकरण दिया। राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रताप नगर की 87 कॉलोनियों,औद्योगिक संकट और सांगानेर के विकास पर जनसुनवाई

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार