जैम सिटी के रक्तदान शिविर में 1684 यूनिट रक्त संग्रहित
जयपुर। जैन सोशल ग्रुप जैम सिटी के 15 हाउसों द्वारा जैम सिटी चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान तथा वंडर सीमेंट के सहयोग से अवेदना आश्रम परिसर, दुर्लभजी अस्पताल में जैम सिटी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ वंडर सीमेंट के डायरेक्टर विकास पाटनी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। ट्रस्ट के चेयरमैन संदीप कटारिया, सेक्रेटरी जनरल संजय काला तथा चीफ पैट्रन देवेंद्र अजमेरा ने बताया कि शिविर के लिए 8000 से अधिक रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुए।
इस रक्तदान शिविर में कुल 1684 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे जयपुर के 12 प्रमुख अस्पतालों एवं ब्लड बैंकों द्वारा मानव सेवा हेतु संग्रहित किया गया। इनमें एसडीएमएच – 778, एसएमएस – 165, जयपुरिया – 101, ईएचसीसी – 100, बीएमसीएचआरसी – 96, ट्रॉमा – 90, जेएनयू कैंसर – 89, स्वास्थ्य कल्याण – 83, महिला चिकित्सालय – 52, जेके लोन – 50, महात्मा गांधी – 40 तथा स्टेट कैंसर – 40 यूनिट शामिल रहे। शिविर के लिए अवेदना परिसर के तीनों फ्लोर पर लगभग 200 बेड लगाए गए। इस बार पुरुषों के साथ महिलाओं की भागीदारी भी रही।
18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं ने भी रक्तदान किया। लगभग 450 लोगों को अस्थायी रूप से रक्तदान के लिए अयोग्य घोषित किया गया, जिनमें हिमोग्लोबिन कम होने के कारण महिलाओं की संख्या अधिक रही। जेएसजी जैम सिटी के अध्यक्ष दिनेश गोदिका, सचिव गिरेंद्र टांक एवं पूर्व अध्यक्ष रवि जैन ने बताया कि सांसद मंजू शर्मा, आदर्श नगर विधायक रफीक खान, वंडर सीमेंट के डायरेक्टर विकास पाटनी, समाजसेवी विवेक काला,
राजीव अरोड़ा, पूर्व कलेक्टर जगरूप सिंह, दुर्लभजी हॉस्पिटल के ट्रस्टी मेहुल दुर्लभजी एवं सेजल दुर्लभजी,ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू अग्रवाल मगोड़ीवाला सहित अनेक अतिथियों ने शिविर का अवलोकन कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। सेक्रेटरी जनरल संजय काला ने बताया कि जैम सिटी परिवार इस रक्तदान शिविर को उत्सव के रूप में आयोजित करता है। महिला सदस्य एक समान परिधान में तथा पुरुष सदस्य भी एक ही रंग के वस्त्रों में उपस्थित रहे।
ग्रुप के उपाध्यक्ष शोभित काला, सह-सचिव मेघना जैन तथा कोषाध्यक्ष विवेक पाटनी ने बताया कि गर्मी के मौसम की शुरुआत होते ही स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों की संख्या कम हो जाती है, जिससे थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों एवं अन्य मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता प्रभावित होती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2004 से प्रत्येक अप्रैल माह में इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह ट्रस्ट द्वारा आयोजित 22वां रक्तदान शिविर था, जिसमें इस शिविर से पहले कुल 68,000 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित कर जयपुर सहित राज्य के विभिन्न ब्लड बैंकों को मानव सेवा हेतु समर्पित किया जा चुका है।
टिप्पणियाँ