दिल्ली में गढ़वाली फिल्म ‘सुपन्यू’ का फर्स्ट लुक और पोस्टर लॉन्च

० योगेश भट्ट ० 
नई दिल्ली। ट्विंकल फिल्म्स के बैनर तले निर्मित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘सुपन्यू’ का फर्स्ट लुक और पोस्टर दक्षिणी दिल्ली स्थित वसंत कुंज के सिल्वन शेफ फार्महाउस में आयोजित एक समारोह के दौरान लॉन्च किया गया। उत्तराखंड की संस्कृति, समाज और संवेदनाओं को दर्शाती इस फिल्म के पोस्टर और फर्स्ट लुक को उपस्थित दर्शकों एवं फिल्म प्रेमियों ने खूब सराहा।
फिल्म के मुख्य निर्माता कौशल मणि ढोंढियाल हैं, जबकि सह-निर्मात्री पुष्पा ढोंढियाल हैं। उत्तराखंड फिल्म जगत के लोकप्रिय कलाकार अजय सिंह बिष्ट, जो अब तक लगभग 19 फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं, इस फिल्म के कार्यकारी निर्माता होने के साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका में भी नजर आएंगे।
फिल्म का निर्देशन सुप्रसिद्ध निर्देशक देवू रावत ने किया है, जबकि राजेंद्र नेगी सहायक निर्देशक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। फिल्म का शानदार छायांकन मनोज सती ने किया है, जिन्होंने उत्तराखंड की खूबसूरती और कहानी की भावनाओं को कैमरे में प्रभावशाली ढंग से कैद किया है। निर्माता कौशल मणि ढोंढियाल ने बताया कि फिल्म को उत्कृष्ट बनाने के लिए पूरी टीम ने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य किया है। अब फिल्म पूरी तरह तैयार है और दर्शकों की कसौटी पर खरा उतरने के लिए उत्सुक है।
पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम में उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकार, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं सांस्कृतिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। इस अवसर पर फिल्म का फर्स्ट लुक और विशेष झलक भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम के दौरान निर्माता, निर्देशक और कलाकारों ने फिल्म निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा दर्शकों से फिल्म को समर्थन देने की अपील की।
फिल्म में उत्तराखंड के कई अनुभवी और चर्चित कलाकारों ने अभिनय किया है। प्रमुख कलाकारों में अजय सिंह बिष्ट, राजेश जोशी, अनुज खंडारी सहित अन्य प्रतिभाशाली कलाकार शामिल हैं। फिल्म की पूरी टीम को विश्वास है कि ‘सुपन्यू’ न केवल दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी, बल्कि एक सकारात्मक सामाजिक संदेश भी देगी।
हाल के वर्षों में उत्तराखंडी फिल्मों को दर्शकों का भरपूर प्रेम और समर्थन मिला है। इसी उत्साह के साथ ‘सुपन्यू’ की टीम को उम्मीद है कि यह फिल्म भी दर्शकों के दिलों में अपनी विशेष जगह बनाएगी। कार्यक्रम के अंत में फिल्म यूनिट ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। फिल्म जल्द ही उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न शहरों के सिनेमाघरों में बड़े पैमाने पर रिलीज की जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

ईद मिलन एवं सैफी सम्मान समारोह में दिखी एकता की मिसाल,संस्थाओं को किया गया सम्मानित

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार