Rajasthan भाजपा ने अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग किया
० संवाददाता द्वारा ०
जयपुर। नगर निकाय के चेयरमैन के लिए हुए चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार ने इन चुनावों में पुलिस और प्रशासन का जिस प्रकार दुरुपयोग कांग्रेस नेताओं एवं कांग्रेस पार्षदों के विरुद्ध किया है यह लोकतंत्र और लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रहार है।भाजपा ने अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पुलिस प्रशासन का जिस प्रकार दुरुपयोग किया है ऐसा देश के इतिहास में कभी देखने को नहीं मिला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित विधायकों, पूर्व विधायकों पर पुलिस बल द्वारा जबरन कार्रवाई की गई व उनसे अभद्रता की गई और कांग्रेस तथा कांग्रेस के समर्थित निर्दलीय पार्षदों को जबरन भाजपा नेताओं ने पुलिस बल के सहारे भाजपा का बोर्ड बनवाने के लिए दबाव बनाया गया, यह प्रदेश के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज होगा।उच्चतम न्यायालय को हस्तक्षेप कर अनेक नगर पालिका में कांग्रेस व कांग्रेस समर्थित पार्षदों को सुरक्षित लाकर वोट डलवाने तथा कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध की जा रही जबरन पुलिसिया कार्रवाई को रोकने हेतु निर्देशित किया जाना , प्रदेश सरकार की तानाशाही पूर्ण कार्रवाई पर सवालिया निशान लगाने वाला है। प्रदेश में भाजपा ने राजनीतिक सुचिता को तार-तार करने की सारी सीमाएं पार कर ली जो निंदनीय है। भाजपा ने प्रदेश के नागरिकों एवं मतदाताओं द्वारा दिए गए मैंडेट को जबरन पुलिस प्रशासन व सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर बदलने का कार्य किया है।
टिप्पणियाँ