बजट में राजस्थान के विकास के लिए कोई प्रावधान और घोषणा नहीं हुई : डोटासरा

० संवाददाता द्वारा ० 
जयपुर। केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026 को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने निराशाजनक बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशवासियों को डबल इंजन सरकार बनने पर विकास का भरोसा दिलाया था किन्तु इस बजट में राजस्थान के विकास के लिए कोई प्रावधान और घोषणा नहीं हुई और ना ही कोई राष्ट्रीय परियोजना प्रदेश को मिली, ना ही किसी योजना के लिए विशेष पैकेज प्रदेश को केन्द्र सरकार के बजट में मिला है।

 ईआरसीपी जैसी महत्वकांक्षी परियोजना का राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं होना तथा जल जीवन मिशन के तहत् कोई विशेष पैकेज नहीं मिलना राजस्थान वासियों के साथ केन्द्र द्वारा किए गए सौतेले व्यवहार का बड़ा उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों की आय दुगुनी करने का वादा 2014 में किया था किन्तु आज भी किसानों की आय बढ़ाने के लिए थोथी घोषणा कर वाहवाही लूटना चाहते है। 

इस बजट की घोषणाओं में भी राजस्थान के किसानों द्वारा उगायी जाने वाले फसलों व उत्पादों को शामिल नहीं कर प्रदेश के किसानों के हितों के साथ कुठाराघात किया गया है। पर्यटन के क्षेत्र में भी राजस्थान के लिए किसी प्रकार की राहत भरी घोषणा नहीं की गई जबकि राजस्थान मेें भरपूर सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर है किन्तु बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम सहित समस्त पुरा महत्व के स्थानों को ट्यूरिस्ट हब की योजना से महरूम रखा गया है।

 प्रधानमंत्री मोदी देश में बुलेट ट्रेन की घोषणा वर्षों पूर्व कर चुके है अब सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणाएं हुई है किन्तु हाईस्पीड रेल कॉरिडोर और फ्रेट कॉरिडोर से राजस्थान प्रदेश को वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि देश में सर्वाधिक रोजगार प्रदान करने वाले मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर आज भी स्थित है इसे बढ़ाने के लिए व्यापक योजना की आवश्यकता थी जिसका बजट में अभाव है।

 देश में कोई जनकल्याणकारी योजना लागू होने की घोषणा नहीं हुई और ना ही मनरेगा की जगह बनी नई योजना के लिए बजट घोषणा हुई है। गरीब और मध्य वर्गीय परिवारों को महंगाई से राहत देने के लिए कोई उपाय नहीं किए गए है। युवाओं को रोजगार देने हेतु भी किसी प्रकार के प्रावधान नहीं किए गए है। देश से निवेशक अपनी पूँजी निकाल रहे है, घरेलू बचत गिर रही है और बाजार में अस्थिरता का माहौल डर के साथ व्याप्त हो गया है। केन्द्र सरकार का बजट देश के सभी वर्गों को निराश करने वाला है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार

ईद मिलन एवं सैफी सम्मान समारोह में दिखी एकता की मिसाल,संस्थाओं को किया गया सम्मानित