CMA जयपुर चैप्टर की नई कार्यकारिणी ने राज्यपाल से की भेंट
जयपुर। दि इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के जयपुर चैप्टर की नव-गठित प्रबंधन समिति और एनआईआरसी के चेयरमैन सीएमए राकेश यादव ने राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसानराव बागड़े से राजभवन में एक शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात जयपुर चैप्टर की नई कार्यकारिणी के गठन के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के साथ देश के औद्योगिक और सामाजिक विकास में कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स की बढ़ती भूमिका पर चर्चा की।
एनआईआरसी चेयरमैन सीएमए राकेश यादव और जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सीएमए दीप्तांशु पारीक ने विभिन्न उद्योगों और समाज कल्याण योजनाओं में वित्तीय पारदर्शिता और लागत प्रबंधन की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि कैसे कुशल प्रबंधन के जरिए उद्योगों को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है। इसके साथ ही, सीएमए पूर्णिमा और सीएमए हरेंद्र कुमार ने युवाओं के लिए कॉस्ट अकाउंटेंसी के क्षेत्र में उभरते नए अवसरों और कार्यक्षेत्रों की संभावनाओं से राज्यपाल को अवगत कराया।
उन्होंने विशेष रूप से सहकारिता क्षेत्र, सरकारी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों में सीएमए प्रोफेशनल्स की उपयोगिता पर प्रकाश डाला, जिससे संसाधनों का सही और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। चर्चा के मुख्य बिंदुओं में समाज कल्याण, लागत का महत्व और सहकारिता क्षेत्र में सीएमए की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। राज्यपाल ने समिति के विचारों और सुझावों को बेहद ध्यानपूर्वक सुना और आर्थिक उन्नति में लागत प्रबंधन के महत्व को सराहा।
सीएमए दीपक खंडेलवाल और सीएमए वर्तिका ताड़ी ने राज्यपाल को अपनी व्यस्त दिनचर्या में से समिति को बहुमूल्य समय देने और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस शिष्टाचार बैठक में समिति के सदस्य सीएमए नितिन खंडेलवाल और सीएमए गौरव जैन भी उपस्थित रहे ।

टिप्पणियाँ