इथोपिया और फोर्टी के बीच 2 हजार साल पुराने संबंधों को व्यापारिक साझेदारी में बदलने का वक्त है- सुरेश अग्रवाल
० आशा पटेल ०
जयपुर : अफ्रीकी देश इथियोपिया के साथ राजस्थान के व्यापार को बढ़ाने के लिए फोर्टी की ओर से द्विपक्षीय संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें इथियोपिया के राजदूत एवं डिप्टी हेड ऑफ मिशन मोलालिग्न अस्फॉ ने कहा कि राजस्थान एवं इथियोपिया के बीच व्यापार, निवेश एवं औद्योगिक सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। खासतौर से कृषि, विनिर्माण, एमएसएमई, खनन, वस्त्र, हस्तशिल्प, नवीकरणीय ऊर्जा तथा एग्रो-प्रोसेसिंग क्षेत्रों में दोनों मिलकर काम कर सकते हैं।
उन्होने राजस्थान के उद्यमियों को इथियोपिया में निवेश और व्यापार के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि इथियोपिया की सरकार ने राजस्थान के उद्यमियों और निवेशकों सभी तरह की सुविधाओं के साथ सुरक्षित निवेश के लिए सभी उपाय किए हैं। फोर्टी के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा कि भारत और इथियोपिया के बीच 2 हजार साल पुराने संबन्ध हैं, इन्हें व्यापारिक साझेदारी में बदलने का समय आ गया है। वर्तमान में इथियोपिया तेजी से विकास कर रहा है।
राजस्थान के उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए इस अफ्रीकी देश में माइनिंग- मिनरल , सोलर, जेम्स- ज्वेलरी, इंफ्रा, ऑटोमोबाइल सेक्टर में व्यापार के काफी अवसर हैं। वर्तमान में अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य को देखते हुए भारत को नए वैश्विक बाजार तलाशने होंगे। कार्यक्रम में फोर्टी की ओर से मुख्य संरक्षक सुरजाराम मील, संरक्षक और विधायक रफीक खान, मुख्य सचिव गिरधारी खंडेलवाल, वुमन विंग अध्यक्ष नीलम मित्तल , यूथ विंग अध्यक्ष सुनील अग्रवाल , सचिव प्रशांत शर्मा, मनीष अग्रवाल ने भाग लिया।


टिप्पणियाँ