सक्षम कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. अमित कुमार एवं टीम को 10.50 लाख रुपए का पुरस्कार
० आशा पटेल ० जयपुर। कुमारप्पा ग्राम स्वराज संस्थान के निदेशक डॉ. अमित कुमार एवं उनकी टीम को सक्षम कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सोशल इनोवेशन चैलेंज प्रतियोगिता में 10 लाख 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। दिनेश कुमार अग्रवाल एवं सुरेश गुप्ता ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन जर्मनी स्थित संस्था वेल्थ हैंगर हाईलीफ एवं यूरोपियन यूनियन की ओर से किया गया। प्रतियोगिता में डॉ. अमित कुमार और उनकी टीम को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। आयोजक संस्थाओं की ओर से कुमारप्पा ग्राम स्वराज संस्थान के निदेशक डॉ. अमित कुमार एवं उनकी पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने बताया कि कुमारप्पा ग्राम स्वराज संस्थान की स्थापना 4 जनवरी 1967 को प्रख्यात गांधीवादी विचारक प्रोफेसर जे.सी. कुमारप्पा की 75वीं जयंती के अवसर पर की गई थी। यह एक जमीनी स्तर पर कार्य करने वाला गैर-सरकारी संगठन है, जो गांधीवादी विचारधारा के अनुरूप ग्रामीण विकास और सामाजिक परिवर्तन के लिए निरंतर प्रयासरत है।