नागेपुर में निकली तिरंगा यात्रा,युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

० आशा पटेल ० 
मिर्जामुराद (वाराणसी) : युवा दिवस के अवसर पर सांसद आदर्श ग्राम नागेपुर में युवाओं द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर के नेतृत्व में निकली यात्रा में सैकड़ों युवाओं, बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
यात्रा के दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। युवाओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं की ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रोजगार और सामाजिक कार्यों में लगाने की जरूरत है।
आशा सामाजिक विद्यालय के बच्चों और किशोरियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में भाग लिया। किशोरी सिलाई केंद्र की लड़कियों ने कार्यक्रम को विशेष रूप से उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे से बचाने तथा गांव में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने कहा कि “देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। गांव को नशामुक्त बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि “तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और देश के सम्मान का प्रतीक है। युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ें तो देश और समाज को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

तिरंगा यात्रा में श्याम सुंदर मास्टर, अनीता, सोनी, अरविंद, मनीष, आलोक पंचमुखी, सुनील, मनीषा, सीमा, विद्या, शमा बानो, आशीष, मंजीता, मधुवन, शिवकुमार और आशा सामाजिक विद्यालय के बच्चे, किशोरी सिलाई केंद्र की लड़कियां, लोक समिति के कार्यकर्ता तथा सैकड़ों ग्रामीण भी यात्रा में शामिल रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रताप नगर की 87 कॉलोनियों,औद्योगिक संकट और सांगानेर के विकास पर जनसुनवाई

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो में ईपीसीएच पवेलियन ने भारतीय शिल्प कौशल का किया प्रदर्शन

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार