29 मई को रिलीज होगी फिल्म ‘द इंडियन लेनिन : बाबू जगदेव’

० संत कुमार गोस्वामी ० 
पटना : अमर शहीद जगदेव प्रसाद के जीवन संघर्ष पर आधारित बायोपिक फिल्म ‘द इंडियन लेनिन : बाबू जगदेव’ 29 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के निर्माता सुभाष कुमार एवं सिद्धार्थ कुमार ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह फिल्म सामाजिक न्याय और संघर्ष की कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी।

 बाबू जगदेव प्रसाद बिहार के ऐसे जननेता थे, जिन्होंने दलित, पिछड़े, अतिपिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज समेत 90 प्रतिशत शोषित एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। अपने आंदोलन और विचारों के कारण वे जनता के बीच “इंडियन लेनिन” के नाम से प्रसिद्ध हुए। संघर्ष के दौरान जहानाबाद के कुर्था में वे शहीद हो गए थे।

फिल्म के निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी के अनुसार फिल्म की शूटिंग बिहार और झारखंड के कई इलाकों में की गई। जहानाबाद के कुरहारी, गया जिले के डुमरिया, इमामगंज, बांकेबाजार सहित झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में फिल्मांकन हुआ। फिल्म में 1932 से 1974 तक के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक परिवेश को विस्तार से दिखाया गया है।

फिल्म में बाबू जगदेव प्रसाद के बचपन, पारिवारिक जीवन, गांव के माहौल और उनके सामाजिक संघर्षों को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कहानी में छुआछूत, अंधविश्वास, ऊँच-नीच, अमीरी-गरीबी और ब्राह्मणवादी व्यवस्था जैसी सामाजिक विसंगतियों को प्रमुखता से उठाया गया है। निर्देशक का कहना है कि यह फिल्म केवल एक व्यक्ति की जीवनी नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की लड़ाई की कहानी है।

फिल्म में बिहार और झारखंड के करीब 200 स्थानीय कलाकारों ने अलग-अलग भूमिकाएँ निभाई हैं। दमदार संवाद, प्रभावशाली एक्शन और वास्तविक घटनाओं पर आधारित दृश्यों के माध्यम से फिल्म दर्शकों को उस दौर की राजनीति और सामाजिक परिस्थितियों से रूबरू कराएगी। फिल्म युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम जनता की भावनाओं को गहराई से छूने का प्रयास करती है।

 अभिनेता संजय कुमार ने फिल्म में डीएसपी का अहम किरदार निभाया है। फिल्म के निर्माताओं का दावा है कि ‘द इंडियन लेनिन : बाबू जगदेव’ बिहार की सामाजिक और राजनीतिक चेतना को बड़े पर्दे पर नई पहचान देगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार

ईद मिलन एवं सैफी सम्मान समारोह में दिखी एकता की मिसाल,संस्थाओं को किया गया सम्मानित