एसबीआई और आईआईटी जोधपुर ने फिनोवेशन 2026 के ग्रैंड फिनाले में युवा इनोवेटर्स को किया सम्मानित

० आशा पटेल ० 
मुंबई। भारतीय स्टेट बैंक ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर के सहयोग से “फिनोवेशन” पीएसबी हैकाथॉन सीरीज 2026 के दूसरे संस्करण का गुरुग्राम में सम्मान समारोह किया। पीएसबी हैकाथॉन सीरीज वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) की एक पहल है, जिसका समन्वय भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के साथ किया जाता है। 

इसका उद्देश्य युवाओं में नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देना और उन्हें फिनटेक तथा साइबर सुरक्षा से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों के लिए व्यावहारिक और तकनीक आधारित समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष एसबीआई ने आईआईटी जोधपुर परिसर में हैकाथॉन का आयोजन “एसएमएस और व्हाट्सऐप के जरिए फर्जी मोबाइल ऐप का वितरण, जिससे फिशिंग और वित्तीय धोखाधड़ी होती है” विषय पर किया।
दो महीने से अधिक समय तक विभिन्न टीमों ने डिजिटल और साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान और उनके प्रोटोटाइप विकसित करने के लिए गहनता से काम किया। इस पहल ने युवा इनोवेटर्स की रचनात्मकता और तकनीकी क्षमता को बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने का काम किया।

विजेताओं को समारोह में वित्तीय सेवा विभाग के अपर सचिव देबाशीष प्रुस्टी, एसबीआई के प्रबंध निदेशक (रिटेल बिजनेस एवं ऑपरेशंस) रामा मोहन राव अमारा, भारतीय बैंक संघ के अतुल कुमार गोयल और आईआईटी जोधपुर की डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स डॉ. अंकिता शर्मा ने सम्मानित किया।

 वित्तीय सेवा विभाग के अपर सचिव देबाशीष प्रुस्टी ने हैकाथॉन को संस्थागत रूप देने के लिए एसबीआई और आईआईटी जोधपुर की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सीधे देश के वित्तीय तंत्र को मजबूत करने की दिशा में लगाना था और आज यह विचार सफल होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने एसबीआई और आईआईटी की साझेदारी को ऐसा मॉडल बताया, जिसे वित्तीय सेवा विभाग देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में अपनाना चाहता है।

इस अवसर पर एसबीआई के प्रबंध निदेशक (रिटेल बिजनेस एवं ऑपरेशंस) रामा मोहन राव अमारा ने कम उम्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि वित्तीय सेवा विभाग ने इस हैकाथॉन सीरीज को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों तक पहुंचाने की राष्ट्रीय पहल के रूप में शुरू किया है और भारतीय बैंक संघ ने इसके प्रभावी समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

फिनोवेशन 2026 का आयोजन यह दर्शाता है कि पीएसबी हैकाथॉन सीरीज जैसे मंच युवा प्रतिभाओं को भारत के वित्तीय क्षेत्र के सामने मौजूद वास्तविक चुनौतियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। फिनटेक और साइबर सुरक्षा जैसे समकालीन विषयों पर छात्रों और इनोवेटर्स को काम करने का अवसर देकर यह पहल नई सोच को उपयोगी समाधानों में बदलने के साथ देश के बैंकिंग तंत्र में नवाचार की संस्कृति को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रताप नगर की 87 कॉलोनियों,औद्योगिक संकट और सांगानेर के विकास पर जनसुनवाई

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो में ईपीसीएच पवेलियन ने भारतीय शिल्प कौशल का किया प्रदर्शन

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार