जयपुर में 17 से 19 सितंबर तक राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट,20 से 22 सितंबर तक जोधपुर में आयोजित होगा मारवाड़ ट्रैवल मार्ट

० आशा पटेल ० 
जयपुर । फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान की ओर से जयपुर में राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट और जोधपुर में पहले मारवाड़ ट्रैवल मार्ट की तैयारियों को लेकर स्टेकहोल्डर्स मीट आयोजित हुई। राजस्थान के पाली ज़िले के बाली में आरामगाह जवाई रिजॉर्ट एंड स्पा, कोटड़ा बोया में आयोजित मीट में जवाई, रणकपुर, घाणेराव, पाली और सिरोही क्षेत्र से करीब 95 पर्यटन हितधारकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पाली जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि जवाई की पहचान को केवल लेपर्ड सफारी तक सीमित न रखते हुए क्षेत्र की अन्य पर्यटन संभावनाओं को भी प्रभावी रूप से मार्केट में प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। उन्होंने जवाई के पर्यटन विकास और व्यापक मार्केटिंग पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
राजस्थान पर्यटन के वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उन्होंने पर्यटन विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार और पर्यटन विभाग की भूमिका एक सुविधाकर्ता की है, जबकि पर्यटन उद्योग को आगे बढ़ाने में निजी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जवाई क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए यहां के सभी पर्यटन हितधारकों को जवाई को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के विभिन्न ट्रेड फेयर में अब जवाई के बारे में जानकारी ली जा रही है।
एफएचटीआर के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने ट्रेड शो और पर्यटन मेलों में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी होटल की मार्केटिंग से पहले पूरे डेस्टिनेशन की मार्केटिंग जरूरी है, क्योंकि मजबूत डेस्टिनेशन ब्रांडिंग से सभी पर्यटन व्यवसायों को लाभ मिलता है।

एफएचटीआर के सचिव तरुण बंसल ने राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट और मारवाड़ ट्रैवल मार्ट की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इन आयोजनों में भागीदारी जवाई क्षेत्र के पर्यटन व्यवसायों को नए बाजारों और ट्रैवल ट्रेड से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। ज़ारा के अध्यक्ष एवं मारवाड़ ट्रैवल मार्ट के चेयरमैन जे. एम. बूब ने बताया कि कि ज़ारा और स्थानीय एसोसिएशन सभी प्रतिनिधियों के स्वागत और बेहतर अनुभव के लिए तैयारियां कर रहे हैं।

राटो के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि ट्रैवल ट्रेड में जवाई क्षेत्र को लेकर रुचि लगातार बढ़ रही है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। वहीं, TAAJ के अध्यक्ष गजराज सिंह ने एमटीएम में भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन जवाई सहित पूरे मारवाड़ क्षेत्र की संस्कृति और पर्यटन को एक साथ सामने लाने का प्रभावी मंच है।

ज़ारा के सचिव राजेश सिंघवी ने एमटीएम की लागत प्रभावी भागीदारी और प्रतिभागियों को मिलने वाले बेहतर अवसरों पर चर्चा की। जवाई होटल एसोसिएशन की ओर से क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं पर प्रस्तुति दी गई। इसमें जवाई को केवल लेपर्ड पर्यटन से आगे ले जाने की जरूरत पर जोर दिया गया। साथ ही प्रस्तावित जवाई मैराथन जैसे नए पर्यटन आयोजनों और पहलों की जानकारी भी साझा की गई। जवाई होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष, भूपेंद्र सिंह राणावत ने इन पहलों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

आरामगाह के मालिक तनय अग्रवाल ने बताया कि जवाई क्षेत्र आरडीटीएम और एमटीएम दोनों आयोजनों में व्यापक रूप से शामिल होने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने जवाई की उन विशेषताओं पर प्रकाश डाला जो इसे अन्य पर्यटन स्थलों से अलग पहचान देती हैं। कैंप बघीरा, जवाई की मालिक, पद्मजा कुमारी राठौड़ ने पर्यटन विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जवाई जैसे संवेदनशील प्राकृतिक क्षेत्र में पर्यटन का विकास जिम्मेदार और टिकाऊ तरीके से किया जाना चाहिए।

एफएचटीआर के उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश ने जीआईटीबी से लेकर आरडीटीएम तक की यात्रा, इन आयोजनों की परिकल्पना, विकास और बढ़ते प्रभाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच राजस्थान के पर्यटन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

 ज़ारा के उपाध्यक्ष जुगल जाखड़, जवाई होटल एसोसिएशन के सचिव लोकेन्द्र सिंह, आईएचएचए के रघुवेंद्र सिंह झालामंड ने भी एमटीएम और जवाई में पर्यटकों को बढ़ावा देने और अवसरों पर अपने विचार साझा किए। आरामगाह के संचालक तनय अग्रवाल और देवांग अग्रवाल ने बैठक की मेजबानी की।

 छठा राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट 17 से 19 सितंबर तक जयपुर में आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान के 700 से अधिक प्रॉपर्टीज़ और टूर कंपनियां भाग लेंगी। वहीं, 20 से 22 सितंबर, 2026 तक जोधपुर में पहले मारवाड़ ट्रैवल मार्ट का आयोजन होगा। इस आयोजन में देशभर से करीब 125 ट्रैवल एजेंट्स और 300 प्रॉपर्टीज़ की भागीदारी रहेगी। ये दोनों कार्यक्रम फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) द्वारा राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित होंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो में ईपीसीएच पवेलियन ने भारतीय शिल्प कौशल का किया प्रदर्शन

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार

श्री राम राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था अयोध्या धाम पटल पर गूंजी पर्यावरण चेतना,महिला कवित्रियों ने रचा हरित इतिहास