एजेंसी जर्नलिज्म, पत्रकारिता का सबसे शुद्धतम रूप है : गैबरिएला कान्यास

० योगेश भट्ट ० 
नई दिल्ली। स्पेन की न्यूज एजेंसी 'ईएफई' की अध्यक्ष गैबरिएला कान्यास का कहना है कि एजेंसी जर्नलिज्म, पत्रकारिता का सबसे शुद्धतम रूप है। समकालीन घटनाक्रम को समझने, सूचनाओं से अवगत रहने और दुनिया को समझने के लिए ये अनिवार्य आधार है। एजेंसी की खबरें झूठ और अफवाहों के खिलाफ सर्वश्रेष्‍ठ हथियार हैं। कान्यास भारतीय जन संचार संस्थान द्वारा ‘अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसियों की कार्यप्रणाली’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। 

कान्‍यास ने कहा कि उन्‍होंने अपना अधिकतर जीवन समाचार पत्र में काम करते हुए बिताया है, लेकिन समाचार एजेंसी में काम करने के अपने अनुभव के आधार पर वह दावे के साथ कह सकती हैं कि समाचार एजेंसिया एक पत्रकार के काम को अतिरिक्‍त सुरक्षा उपलब्‍ध कराती हैं। एजेंसी में अधिकतर सबसे पहली खबर आती है। इसे हमें अपने डाटा से समृद्ध करना होता है, उसमें ऐसी डिटेल्‍स डालनी होती हैं, जो हमारे पास पहले से नहीं होतीं और उसके विभिन्‍न पहलुओं का विश्‍लेषण करना होता है।

पत्रकारिता के अंतरराष्ट्रीय परिदृश्‍य और चुनौतियों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि न्यू मीडिया के दौर में एजेंसियों के लिए चुनौती कम और अवसर ज्यादा हैं, क्योंकि न्यूज एजेंसी में कोई डेडलाइन नहीं होती है। एजेंसियों से 24 घंटे और 365 दिन समाचार प्रसारित होते हैं और चाहे वेबसाइट हो या डिजिटल प्लेटफार्म, उनको भी लगातार समाचारों की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि विश्व भर में नई वेबसाइट खुल रही हैं और उनके पास इतने संसाधन नहीं हैं, कि वे अपने संवाददाता पूरी दुनिया में लगाएं। ऐसे में उनकी निर्भरता एजेंसियों पर बढ़ जाती है।

कान्यास के अनुसार एजेंसियों को इस मौके का पूरा लाभ उठाना चाहिए। वे समय पर, पुख्ता और विश्वसनीय सूचनाएं दें। एजेंसी के सामने अगर चुनौती है, तो वो इस बात की है कि जो फेक कंटेंट आ जा रहा है, इसके विरुद्ध बेहतरीन, विश्वसनीय और तथ्यपरक कंटेंट प्रदान करें। इस समय फेक न्यूज या फेक केंटेंट का बहुत दुष्प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में समय पर सही सूचना लोगों तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर गैबरिएला कान्यास ने 'ईएफई' की और से भारतीय जन संचार संस्थान के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी काे सम्मानित किया। प्रो. द्विवेदी को ये सम्मान पत्रकारिता एवं मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। 'ईएफई' विश्व की चौथीं सबसे बड़ी न्यूज एजेंसी है और दुनिया के 110 देशों में उनके संवाददाता काम कर रहे हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रताप नगर की 87 कॉलोनियों,औद्योगिक संकट और सांगानेर के विकास पर जनसुनवाई

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार