कांग्रेस ने राजस्थान के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया
जयपुर। भाजपा के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सार्वजनिक मंच से पाकिस्तान के पक्ष में खड़े होने जैसे निन्दनीय बयान देने के विरोध मे राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों तथा कांग्रेस के विभागों/प्रकोष्ठों द्वारा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया गया।राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव तथा मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि पाकिस्तान द्वारा हमारे देश में लगातार आतंकवाद और अलगाववादी शक्तियों को दहशत फैलाने में सहायता दी जा रही है, जिसमें देश के असंख्य निर्दोष नागरिक अपनी जान गवा चुके हैं। पुलवामा में भारतीय सैनिकों पर आत्मघाती हमला हुआ और 40 भारतीय सैनिकों की जान चली गई।
पिछले वर्ष ही पहलगाम में 26 निर्दोष नागरिकों को आतंकवादियों ने मौत के घाट उतार दिया था। लम्बे समय से पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी हमारे देश में अशांति फैला रहे हैं, ऐसे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष द्वारा पाकिस्तान के पक्ष में खड़े होने का बयान देकर देश के वीर जांबाज सैनिकों, शहीदों और जिन परिवारों ने अपने परिजनों को आतंकवाद के कारण खोया है, का अपमान किया है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष द्वारा दिये गये वक्तव्य के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया गया।




टिप्पणियाँ