जिन्होंने आजादी के आंदोलन में भाग नहीं लिया,वो कांग्रेस को नसीहत देते हैं : खड़गे

० आनंद चौधरी ० 
नई दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कोषाध्यक्ष अजय माकन समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।इस अवसर पर अपने संबोधन में देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि स्वाधीनता आंदोलन में अनगिनत भारतीयों ने शहादत और कुर्बानी दी थी। महात्मा गांधी , पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल , 
नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद , राजेंद्र प्रसाद , सरोजनी नायडू और बाबा साहेब अंबेडकर जैसे अनगिनत राष्ट्र नायकों ने नए भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। खरगे ने कहा कि गर्व से लहराता हमारा तिरंगा अनगिनत योद्धाओं व देशप्रेमियों के बलिदानों की याद दिलाता है, जो हंसते-हंसते फांसी के फंदे से लटक गए या फिर अंग्रेज सैनिकों की गोलियों के शिकार बने। कुछ लोग आज यह प्रचार करते हैं कि आजादी आसानी से मिल गई थी, पर हकीकत यह है कि लाखों लोग अपना घर-बार छोड़कर भटकते रहे; संपन्न घरों के लोगों ने भी आजादी के लिए जिंदगी का बड़ा हिस्सा जेलों में काटा।
भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि क्रांतिवीरों के योगदान को याद करने और उनके विजन पर चलने की जगह आज के हुक्मरान विभाजनकारी सोच को बढ़ावा दे रहे हैं। वे केवल नफरत फैलाने की मंशा से विभाजन विभीषिका दिवस मनाते हैं। जिन्होंने आजादी के आंदोलन में भाग नहीं लिया, वो कांग्रेस को नसीहत देते हैं। यह ऐतिहासिक सच है कि उनकी नफरत भरी राजनीति ने देश को दो टुकड़ों में बांट दिया। यह विभाजन उन्हीं के कारण हुआ। अपने स्वार्थ के लिए जानबूझकर अंग्रेजों की षड्यंत्रकारी सोच फूट डालो और राज करो को आगे बढ़ाने का काम संघ परिवार ने किस तरह किया है, इसके प्रमाणों की कमी नहीं है।

खरगे ने आगे कहा कि 2022 से मोदी सरकार हर घर तिरंगा अभियान चला रही है। हमें खुशी है कि छह दशक के बाद इनको प्रायश्चित करने की सूझी, अपनी गलती का एहसास हुआ। इसके पहले तिरंगे को अपने दफ्तरों पर फहराने तक से परहेज था और आज वो हर घर तिरंगा का पाठ पढ़ा रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि हमारे देश के लोग पिछले करीब 100 वर्षों से हर दिल तिरंगा और हर हाथ तिरंगा मना रहे हैं। यह देश कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्‍छ से कोहिमा तक अगर एक है तो 140 करोड़ लोगों की एकता से, जज्बे की वजह से है। 

उस जज्बे और तिरंगे की शान को पूरी दुनिया में राहुल की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लोगों ने देखा है। आज हर घर नौकरी, हर घर न्याय देश के लोगों की जरूरत है। कांग्रेस सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय और राजनीतिक न्याय चाहती है। ये देश आर्थिक असमानता और बेरोजगारी से मुक्ति चाहता है। इन मुद्दों को अनंत काल तक भटकाया नहीं जा सकता। जितनी देरी होगी, समस्याएं और भी जटिल होंगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार का यह 11वां साल है, लेकिन लोगों का जीवन बेहतर होने की जगह बदतर होता जा रहा है। बेरोजगारी, महंगाई, गैर-बराबरी और भ्रष्टाचार से आम लोग जूझ रहे हैं। सरकार अपने अहंकार के कारण दीवार पर लिखी इबारत पढ़कर इंकार कर रही है।

खरगे ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच बुनियादी मुद्दों को लेकर बने रहें, उनकी परेशानी को सुनें और उन्हें बताएं कि देश में बदलाव की हवा चल पड़ी है। लोग विपक्ष के नेता राहुल गांधी की तरफ नई आशा और उम्मीद से देख रहे हैं, क्योंकि उन्होंने जब से भारत जोड़ो यात्रा की है, तब से देश में एक नया जोश आया है। उसका नतीजा भी 2024 के चुनाव में कांग्रेस ने हासिल किया। कांग्रेस इस देश के लोगों की तरक्की और बेहतरी के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस की प्राथमिकता गरीब, दलित, आदिवासी, महिला, किसान,कमजोर वर्ग के लोग, युवा और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए है। कांग्रेस सुनिश्चित करेगी कि यह देश फिर से तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़े और कांग्रेस कार्यकर्ता और लोग इसमें बराबरी का हिस्सा लेकर देश को आगे बढ़ाएं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सैफ़ी काउंट द्वारा विकास नगर में मीटिंग में नियुक्त पत्र वितरित

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की पहल पर "सक्षम" का आयोजन

राजस्थान समग्र सेवा संघ, में “राजस्थान के गाँधी” गोकुल भाई की 128वीं जयंती पर नशामुक्ति अभियान

इला भट्ट की पुस्तक "महिलाएं] काम और शांति" का लोकार्पण

COWE और टी ट्रेडिशन ने "पौष्टिक" comeptition का आयोजन किया

बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा Earned Salary Advance Drawal Access Scheme का शुभारंभ

जयपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा के शपथ ग्रहण में उमड़ा जन सैलाब

NSUI National President जो गहलोत और पायलट न कर सके, वह विनोद जाखड़ ने कर दिखाया

कंपनी सचिव के परिणाम घोषित,क्षितिज,प्रशस्त,काशवी,अंकुश,मोनिशा व पलक ने रेंक हासिल की

यस बैंक ने उत्तर भारत में 34.4% शाखाओ के साथ अपनी उपस्थिति की मजबूत