डॉ.अरविंद आनंद के नेतृत्व में सिवान बाल सुधार गृह में 'सद्भावना विमर्श शिविर'
० संत कुमार गोस्वामी ०
सिवान : कन्धावरा, सिवान स्थित बाल सुधार गृह (संप्रेक्षण गृह) में वी केयर फाउंडेशन के तत्वावधान में एक 'बाल सुधार सह सद्भावना विमर्श शिविर' का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समाजसेवी डॉ. अरविंद आनंद के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य राह भटके 100 से अधिक बच्चों के भीतर सकारात्मक बदलाव, नैतिक मूल्य और राष्ट्रभक्ति की भावना को जगाना था। डॉ. अरविंद आनंद की प्रेरणा से बच्चों ने एक-दूसरे को बिस्कुट का पैकेट उपहार में दिया, गले मिले और एक-दूसरे को बिस्कुट खिलाकर खुशियां बांटीं। डॉ.अरविंद आनंद ने कहा कि माता-पिता ही इस धरती पर साक्षात भगवान हैं, इसलिए बच्चों को प्रतिदिन उनकी पूजा और सम्मान करना चाहिए।
शिविर में लोक गायक विकास भोजपुरिया ने मां की महिमा पर आधारित गीत प्रस्तुत किए, जिसे सुनकर वहां मौजूद बच्चे और अतिथि भावुक हो उठे। विकास भोजपुरिया ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति और सामाजिक गीतों की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए वी केयर फाउंडेशन की ओर से सभी बच्चों के बीच कॉपी और कलम का वितरण किया गया और उन्हें शिक्षा के बल पर जीवन में कुछ बड़ा कर गुजरने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए एक ज्ञानवर्धक सत्र भी रखा गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले बच्चों को मौके पर ही पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
शिविर में सभी बच्चों ने डॉ. अरविंद आनंद के नेतृत्व में जीवन में कभी गलत राह न चुनने, एक नेक इंसान बनने और देश व समाज के लिए कुछ कर गुजरने की सामूहिक शपथ ली। विशिष्ट अतिथि के रूप में जेजेबी (JJB) प्रधान सदस्य व सदस्य स्नेहलता पाण्डेय, जेल सुपरिटेंडेंट रवि, समाजसेवी सौम्या आनंद, रामू यादव, ज्ञानी कुमार सहित वी केयर फाउंडेशन के पदाधिकारी और बाल सुधार गृह के कर्मचारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ