जयपुर में होगा युवाओं का महाप्रदर्शन,शिक्षा व्यवस्था,पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ युवा होंगे लामबन्द

० आशा पटेल ० 
जयपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (CIP) द्वार 15 जून को जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर विशाल एवं शांतिपूर्ण जनप्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से छात्र, अभिभावक, बेरोजगार युवा, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रदर्शन का उद्देश्य प्रदेश एवं देश की बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक प्रकरणों, बढ़ती बेरोजगारी तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर जनजागरण और जनदबाव बनाना है।
पिंकसिटी प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता सम्मेलन को राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, प्रोटेस्ट इंचार्ज दीपक बालियान, मीडिया इंचार्ज अभिषेक जैन बिट्टू और दलित एक्टिविस्ट गीगराज ने संबोधित किया।
कॉकरोच जनता पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि एक व्यंग्य के रूप में शुरू हुआ यह अभियान आज जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।

 वर्षों से युवाओं की वास्तविक समस्याओं को नजरअंदाज कर उन्हें धर्म, जाति और अन्य राजनीतिक मुद्दों में उलझाया जाता रहा, लेकिन अब युवा अपने अधिकारों और भविष्य के लिए संगठित होकर आवाज़ उठा रहे हैं। दिल्ली और पुणे में हुए शांतिपूर्ण आंदोलनों को मिले व्यापक समर्थन ने यह साबित कर दिया है कि देश का युवा अब चुप रहने वाला नहीं है।

मीडिया इंचार्ज अभिषेक जैन बिट्टू का कहना है कि राजस्थान कभी देश को सर्वाधिक आईआईटीयन और चार्टर्ड अकाउंटेंट देने वाले राज्यों में अग्रणी रहा है, लेकिन आज शिक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। प्रदेश में हजारों स्कूल और लाखों विद्यार्थी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। कई वि‌द्यालय जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं और शिक्षा का स्तर लगातार प्रभावित हो रहा है। निजी विद्यालयों की मनमानी, बढ़ती फीस और छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव ने भी अभिभावकों की चिंताएं बढ़ाई हैं।

दलित एक्टिविस्ट राजस्थान के सीकर निवासी गीगराज ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी ने विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पद, खराब आधारभूत संरचना तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षा की कमी को भी गंभीर विषय बताया। साथ ही भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों को युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय करार दिया। उनका कहना है कि लाखों युवाओं ने वर्षों की मेहनत के बावजूद पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का लाभ नहीं पाया ।

संगठन ने नीट परीक्षा विवाद, विभिन्न भर्ती घोटालों और इन घटनाओं से प्रभावित युवाओं की मानसिक स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। पार्टी नेताओं का कहना है कि शिक्षा और रोजगार के प्रश्न केवल छात्रों के नहीं, बल्कि पूरे समाज के प्रश्न हैं और इनके समाधान के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है।

प्रदर्शन इंचार्ज दीपक बालियान ने बताया कि प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी शामिल होंगे। संगठन ने प्रदेशभर के छात्र संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, अभिभावकों, युवाओं और जागरूक नागरिकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर शिक्षा सुधार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूत करने की अपील की है।

कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि यह किसी दल या व्यक्ति की लड़ाई नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है। यदि आज शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों के लिए समाज एकजुट नहीं होगा, तो आने वाले समय में इसके गंभीर परिणाम पूरे देश को भुगतने पड़ सकते हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

ईद मिलन एवं सैफी सम्मान समारोह में दिखी एकता की मिसाल,संस्थाओं को किया गया सम्मानित

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार