प्रदेश भर के "कॉकरोच", युवाओं, बेरोजगारो ने बुलंद की आवाज ; अभिजीत दीपके बोले आंदोलन जारी रहेगा

० आशा पटेल ० 
जयपुर। कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवा, बेरोजगार, विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित इस प्रदर्शन में शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक, युवाओं के साथ हो रहे अन्याय तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

कार्यक्रम में पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके, स्वतंत्रता सेनानी पं रामकिशन के पुत्र पूर्व पत्रकार संजय, राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, मीडिया इंचार्ज अभिषेक जैन बिट्टू, प्रदर्शन संयोजक दीपक बालियान, रेखा शर्मा, रोशन मुंडोतिया, गीगराज जोड़ली, बेरोजगारों के नेता इरा बॉस, संयुक्त अभिभावक संघ प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 अभिजीत दीपके ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है तथा सरकारों को शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के प्रति गंभीरता दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ का नहीं बल्कि युवाओं के अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा का आंदोलन है।

प्रदर्शन में नीरजा मोदी स्कूल प्रकरण में जान गंवाने वाली छात्रा अमायरा के परिजन भी शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक संस्थानों की जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। वहीं सीकर जिले की उदयपुरवाटी तहसील से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र प्रदीप मेघवाल की मृत्यु से जुड़े मामले को उठाते हुए युवाओं के भविष्य और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर चिंता व्यक्त की गई।

राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति या संगठन का नहीं बल्कि देश के करोड़ों युवाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों की आवाज है। जब तक शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर ठोस एवं प्रभावी समाधान नहीं निकलते, तब तक जनजागरण और लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

अभिजीत दीपके ने घोषणा की कि आगामी 20 जुलाई से दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने देशभर के युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं जागरूक नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह संघर्ष शिक्षा, रोजगार, पारदर्शिता और युवाओं के सम्मान की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करेगा।

मीडिया इंचार्ज अभिषेक जैन बिट्टू ने बताया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से सम्पन्न हुआ तथा पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों की पालना करते हुए पूरा सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया, किंतु कार्यकर्ताओं ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा तथा कार्यक्रम को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

ईद मिलन एवं सैफी सम्मान समारोह में दिखी एकता की मिसाल,संस्थाओं को किया गया सम्मानित

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार