रिलायंस बना देश का नंबर वन बिज़नेस ग्रुप टाटा ग्रुप दूसरे और अदाणी ग्रुप तीसरे स्थान पर

० संवाददाता द्वारा ० 
मुंबई : शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स की धमाकेदार एंट्री ने देश के सबसे मूल्यवान कारोबारी समूहों की रैंकिंग बदल दी। जियो का शेयर ₹1,358 पर लिस्ट होते ही रिलायंस समूह ने टाटा समूह को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल कर लिया। जियो की लिस्टिंग के बाद रिलायंस समूह की सूचीबद्ध कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैप ₹28.9 लाख करोड़ पहुंच गया। टाटा समूह ₹25.6 लाख करोड़ के साथ दूसरे और अदाणी समूह ₹16.6 लाख करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
जियो की इस एंट्री ने रिलायंस समूह की मार्केट वैल्यू में बड़ा इजाफा किया। ₹1,119 के इश्यू प्राइस के मुकाबले जियो का शेयर ₹1,358 पर लिस्ट हुआ, यानी 21.4 फीसदी प्रीमियम पर। इस भाव पर जियो का मार्केट कैप ₹12.5 लाख करोड़ पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स की संयुक्त मार्केट वैल्यू ही ₹28.7 लाख करोड़ हो गई। जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर होल्डर्स की संख्या भी देश में सबसे ज्यादा है। कंपनी के कुल 79.8 लाख शेयरहोल्डर्स हैं।
मुंबई स्थित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में जियो की लिस्टिंग के अवसर पर बेल-रिंगिंग सेरेमनी आयोजित की गई। समारोह में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी शामिल हुए। लिस्टिंग से पहले आकाश, ईशा और अनंत अंबानी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने कहा आज की लिस्टिंग मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। हम खुलकर संवाद करेंगे, अपने वादे निभाएंगे और अपने काम से आपका भरोसा जीतेंगे।
इस लिस्टिंग की एक और खास बात यह रही कि मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स देश की पहली और दूसरी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनियां बन गईं। अकेले इन दो कंपनियों की संयुक्त मार्केट वैल्यू ही टाटा समूह की सभी सूचीबद्ध कंपनियों के कुल मार्केट कैप से ₹3.1 लाख करोड़ अधिक रही। इस तरह जियो की एंट्री ने देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों के साथ-साथ बड़े कारोबारी समूहों की रैंकिंग भी बदल दी।

यह तुलना कारोबारी समूहों की सूचीबद्ध कंपनियों के संयुक्त बाजार पूंजीकरण के आधार पर की गई है। रिलायंस समूह की गणना में Jio Financial Services को शामिल नहीं किया गया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो में ईपीसीएच पवेलियन ने भारतीय शिल्प कौशल का किया प्रदर्शन

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

प्रभात पोस्ट के 12वें वार्षिक समारोह में इंडियन ऑइकानिक अवार्ड प्रदान

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार

नई जेनरेशन को मालूम ही नहीं,आज़ादी कैसे मिली