आप पार्टी की नई प्रदेश अध्यक्ष कीर्ति पाठक का जयपुर में हुआ भव्य स्वागत

० आशा पटेल ० 
जयपुर। राजस्थान की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कीर्ति पाठक का जयपुर में प्रथम आगमन, मोती डूंगरी गणेश मंदिर में की पूजा-अर्चना एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत हुआ । आम आदमी पार्टी राजस्थान की नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कीर्ति पाठक के जयपुर में प्रथम आगमन पर पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों द्वारा भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
अपने प्रथम कार्यक्रम के अंतर्गत कीर्ति पाठक ने जयपुर स्थित मोती डूंगरी गणेश मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राजस्थान की खुशहाली, समृद्धि एवं जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने की कामना की। इसके पश्चात पार्टी कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का शुभारंभ आम आदमी पार्टी राजस्थान के मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि कीर्ति पाठक आम आदमी पार्टी की स्थापना काल से ही एक समर्पित स्वयंसेवक के रूप में पार्टी से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

 पार्टी द्वारा लड़े गए विभिन्न चुनावों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा संगठन को मजबूत बनाने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। दीपक मिश्रा ने कहा कि कीर्ति पाठक राजस्थान में आम आदमी पार्टी की सबसे मेहनती, संघर्षशील एवं जमीनी नेताओं में से एक हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी प्रदेश में और अधिक मजबूत होगी।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कीर्ति पाठक ने कहा कि वे राजस्थान के आमजन की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगी तथा प्रदेश के विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी राजस्थान के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

कीर्ति ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे आम आदमी पार्टी राजस्थान की पहली महिला प्रदेश अध्यक्ष हैं और वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी एक संवेदनशील पार्टी है। राजस्थान में जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर हम पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। चाहे वह किसानों की समस्या हो, महिलाओं की सुरक्षा हो, युवाओं का रोजगार हो या शिक्षा एवं स्वास्थ्य का विषय, आम आदमी पार्टी हमेशा जनता के साथ खड़ी रहेगी और उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाएगी।

कीर्ति पाठक ने हाल ही में सामने आए पेपर लीक मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले अभ्यर्थियों का विश्वास सरकार की विफलताओं के कारण टूट रहा है। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए।

उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और युवाओं को उज्ज्वल भविष्य देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है।
कीर्ति पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी ही राजस्थान के आम आदमी की सबसे बड़ी उम्मीद है। पार्टी ने जिन राज्यों में सरकार बनाई है,

 वहां शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य करके दिखाए हैं। राजस्थान की जनता भी अब ऐसी राजनीति चाहती है जो केवल वादे न करे, बल्कि परिणाम देकर दिखाए। उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी वह पार्टी है जो कहती है, वही करती है। हमारी राजनीति वादों की नहीं, काम की राजनीति है।
इस अवसर पर पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड बास्केटबॉल 3x3 वर्ल्ड कप भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स हुए लामबंद

सांगानेर में सरकार की संवेदनहीनता से 87 कॉलोनियों पर संकट

कोटद्वार के चिल्लरखाल रोड निर्माण समस्या को लेकर 230 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दिल्ली पंहुचा पत्रकार

IFWJ के पत्रकारों का सिस्टम के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना

ईद मिलन एवं सैफी सम्मान समारोह में दिखी एकता की मिसाल,संस्थाओं को किया गया सम्मानित

पेंशनर सोसाइटी ने पेंशनर्स समस्या हल करने हेतु राज्यपाल से लगाई गुहार