राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता सेमिनार, प्रतिभाओं को मिला ‘सुरक्षा गौरव सम्मान-2026’
नई दिल्ली : डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से अमर संदेश द्वारा दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में "राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता" विषय पर एक सेमिनार एवं "सुरक्षा गौरव सम्मान-2026" समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस, भारतीय तटरक्षक बल, साहित्य, समाजसेवा, पत्रकारिता एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ कत्थक नृत्यांगना पूजा त्रिपाठी के समूह द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों में राजबीर मलिक (उपायुक्त, दिल्ली पुलिस), डॉ. अजय कुमार बिष्ट (आईएएस), स्टाफ ऑफिसर, मुख्य सचिव कार्यालय, दिल्ली सरकार, प्रतीक थपलियाल (डीआईजी, भारतीय तटरक्षक बल),
संजय जोशी (फिल्म निर्माता एवं उद्योगपति), तिलक चन्द्र बिष्ट (एसीपी, दिल्ली पुलिस), डॉ. सी.के. पाण्डेय, पवन मैठाणी (महासचिव, गढ़वाल हितैषिणी सभा, दिल्ली), मदन मोहन सती (मीडिया कोऑर्डिनेटर, मुख्यमंत्री उत्तराखंड, दिल्ली), वरिष्ठ साहित्यकार हरि सुमन बिष्ट, लेखक एवं रंगकर्मी हेम पन्त, निम्मी ठाकुर, समाजसेवी प्रताप थलवाल तथा अमर संदेश के संपादक अमर चंद शामिल रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, ई-मेल फ्रॉड, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी और व्यक्तिगत डाटा की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी जानकारी साझा की। साथ ही लोगों से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत संबंधित एजेंसियों को सूचना देने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ताओं ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। यदि लोग समय रहते जागरूक रहें और डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें, तो अधिकांश साइबर अपराधों को रोका जा सकता है। उन्होंने युवाओं से साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का भी आह्वान किया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को "सुरक्षा गौरव सम्मान-2026" से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सम्मानित होने वाले व्यक्तियों में वरिष्ठ साहित्यकार रमेश हितैषी, दिनेश ध्यानी, अनिल पन्त, हरीश असवाल, सुभाष गुसाई, उदय राठी, प्रेम चन्द्रा, पत्रकार द्वारका चमोली, राजू बोरा, राजेश दंडरियाल, सत्येन्द्र नेगी, कृष्णा जी.पी.एस. रावत, नवीन कोटियाल, अनु नेगी, रिया शर्मा, बबली अधिकारी, विजयलक्ष्मी भट्ट सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।







टिप्पणियाँ